वेल्डिंग की चिंगारी से भेल के ब्लॉक-3 में लगी आग, समय रहते पाया गया काबू
संवाददाता
17 February 2026
अपडेटेड: 1:38 PM 0thGMT+0530
भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के भोपाल संयंत्र में सोमवार शाम ब्लॉक-3 स्थित टीआरएम सेक्शन में अचानक आग लग गई। आग की लपटें फैलते ही ब्लॉक के अंदर अफरा-तफरी मच गई और कारखाने में सायरन गूंज उठा।
घटना के तुरंत बाद कर्मचारियों ने सुरक्षा स्थान पर पहुंचकर स्थिति संभाली। भेल की फायर ब्रिगेड टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। राहत की बात यह रही कि आग से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
भेल के जनसंपर्क अधिकारी उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि टीआरएम विभाग में इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान वेल्डिंग के समय निकली चिंगारी से आग भड़क उठी। घटना स्थल के पास ही फायर स्टेशन मौजूद होने के कारण दमकल कर्मियों ने तुरंत आग पर नियंत्रण पा लिया।
पहले भी हो चुकी है आग की घटना
जानकारी के अनुसार कुछ साल पहले भी ब्लॉक-3 के टेस्टिंग एरिया में भीषण आग लगने से भारी आर्थिक नुकसान हुआ था। इसके बावजूद प्रबंधन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।
अब सुरक्षा मानकों की समीक्षा को लेकर कर्मचारियों के बीच चर्चा तेज हो गई है। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं से असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। वर्तमान में वित्त वर्ष की अंतिम तिमाही चल रही है, जहां उत्पादन लक्ष्यों को पूरा करने का दबाव भी बना हुआ है।
दो दिन पहले ब्लॉक-2 में भी एक श्रमिक का हाथ मशीन में कटने की घटना हुई थी, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है।