शाजापुर में आवारा कुत्ते का हमला, 7 साल की बच्ची ने दिखाई बहादुरी

khabar pradhan

संवाददाता

25 February 2026

अपडेटेड: 12:30 PM 0thGMT+0530

सहेलियों को बचाने के लिए कुत्ते से भिड़ी मासूम
मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में आवारा कुत्तों का आतंक सामने आया है। जिले के बेरछा क्षेत्र में घर के पीछे मैदान में खेल रही तीन बच्चियों पर अचानक एक कुत्ते ने हमला कर दिया। इस दौरान 7 साल की बच्ची ने अपनी सहेलियों को बचाने के लिए साहस दिखाया और कुत्ते से भिड़ गई।

लगातार हमला करता रहा कुत्ता
बताया जा रहा है कि बच्चियां खेल रही थीं, तभी पास में बैठे कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। बच्चियां डरकर भागने लगीं, लेकिन कुत्ता पीछा करता रहा। सहेलियों को बचाने के लिए बच्ची सामने आ गई और कुत्ते से जूझती रही। कुत्ते ने उसके चेहरे और जबड़े पर कई बार काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

चेहरे और जबड़े पर गहरे घाव
हमले में बच्ची के चेहरे और जबड़े पर गंभीर चोटें आई हैं। खून बहने के बावजूद वह हिम्मत नहीं हारी और सहेलियों को सुरक्षित जगह पहुंचाने की कोशिश करती रही। स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर कुत्ते को भगाया और बच्ची को बचाया।

अस्पताल में चल रहा इलाज
घायल बच्ची को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है और लोगों ने आवारा कुत्तों से सुरक्षा के लिए प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। घटना के बाद लोगों में आक्रोश है और प्रशासन से अभियान चलाकर आवारा कुत्तों पर नियंत्रण करने की मांग की जा रही है।

टिप्पणियां (0)