श्री हनुमान जन्मोत्सव पर भव्य आयोजन: भोपाल में निकलेगी हिंदू एकता शोभायात्रा
संवाददाता
1 April 2026
अपडेटेड: 12:19 PM 0stGMT+0530
1 अप्रैल 2026
भोपाल:
15 फीट की हनुमान प्रतिमा होगी आकर्षण का केंद्र, कई जिलों से जुटेंगे श्रद्धालु
राजधानी भोपाल में 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर ‘जय मां भवानी हिंदू संगठन’ द्वारा विशाल हिंदू एकता शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य यात्रा का मुख्य आकर्षण 15 फीट ऊंची भगवान हनुमान की प्रतिमा होगी। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु हिंदू ने बताया कि यह शोभायात्रा का 12वां वर्ष है, जिसमें भोपाल के अलावा बैरसिया, सीहोर, आष्टा, नर्मदापुरम और मंडीदीप जैसे आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। यात्रा के दौरान महिलाएं महाराष्ट्रीयन संस्कृति में जयकारे लगाते हुए विशेष सहभागिता करेंगी।
इन प्रमुख मार्गों से गुजरेगी शोभायात्रा
यह शोभायात्रा गुरुवार शाम 4 बजे कालीघाट मंदिर से प्रारंभ होगी। इसके बाद यह कसाईपुरा, बुधवारा, चार बत्ती चौराहा, इतवारा चौराहा, जैन मंदिर रोड, मंगलवारा चौराहा, जुमेराती, छोटे भैया कॉर्नर, घोड़ा निकास चौराहा, कमाली मंदिर, नादरा बस स्टैंड और भोपाल टॉकीज होते हुए सिंधी कॉलोनी स्थित मां दुर्गा मंदिर पर संपन्न होगी। पूरे मार्ग में धार्मिक झांकियां, भगवा ध्वज और भक्ति संगीत का उत्साह देखने को मिलेगा।
दादाजी धाम में भगवान हाटकेश्वर जयंती आज
दूसरी ओर, पटेल नगर स्थित दादाजी धाम मंदिर में आज बुधवार को भगवान हाटकेश्वर जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी। मंदिर ट्रस्ट के शिवरतन नामदेव ने बताया कि इस अवसर पर भगवान शिव का विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक व पूजन किया जाएगा। शाम को भजन-कीर्तन और मंत्र जाप के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय रहेगा। यह पर्व विशेष रूप से दशोरा नागर समाज की आस्था का केंद्र है। क्योंकि भगवान हाटकेश्वर को उनके आराध्य एवं कुल देवता माना जाता हैl
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: राजधानी की फिजा बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त नजर
शहर के संवेदनशील इलाकों में हाल ही में हुई कुछ घटनाओं और राजनीतिक बयानों के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने सभी एसीपी और थाना प्रभारियों की बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर की शांति व्यवस्था में खलल डालने वाले तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। तलैया और अशोका गार्डन जैसी घटनाओं के बाद पुलिस अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने के मूड में नहीं है।
धार्मिक आयोजनों के लिए भौतिक परीक्षण अनिवार्य
हनुमान जयंती पर होने वाले विभिन्न आयोजनों को अनुमति देने से पहले आयोजन स्थल का भौतिक परीक्षण किया जाएगा। पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिए हैं कि आयोजन स्थलों के आसपास सक्रिय रहने वाले संदिग्ध और उन्मादी व्यक्तियों को चिन्हित कर उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए गुंडे-बदमाशों के खिलाफ प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के आदेश भी दिए गए हैं।