सावधान! दिल्ली में पकड़ी गई नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट बनाने वाली फैक्ट्री, लाखों का माल जब्त
संवाददाता
4 April 2026
अपडेटेड: 4:12 PM 0thGMT+0530
4 अप्रैल 2026
नई दिल्ली:
देश की राजधानी में नामी ब्रांड्स के नाम पर नकली सामान बेचने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक ऐसी फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है जहाँ ‘सेंसोडाइन’ (Sensodyne) जैसे मशहूर टूथपेस्ट का नकली माल बनाया जा रहा था।
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि कंझावला इलाके के महावीर विहार में एक गोदाम के अंदर बड़े पैमाने पर नकली टूथपेस्ट तैयार किया जा रहा है। इस सूचना के बाद इंस्पेक्टर आशीष शर्मा की टीम ने वहाँ छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस को गोदाम में 6 मजदूर मिले जो नकली पेस्ट को ट्यूबों में भरकर पैकिंग कर रहे थे।
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में सामान जब्त किया है, जिसमें शामिल हैं:
भारी मात्रा में नकली टूथपेस्ट और कच्चा माल।
टूथपेस्ट बनाने और पैक करने वाली मशीनें।
नामी ब्रांड ‘सेंसोडाइन’ के खाली ट्यूब और पैकिंग बॉक्स।
सस्ते पेस्ट को ‘महंगा’ बनाकर बेचते थे
पूछताछ में पता चला कि आरोपी रोहिणी सेक्टर-2 का रहने वाला 58 वर्षीय हरिओम मिश्रा है। वह सस्ते और घटिया क्वालिटी के पेस्ट को नामी ब्रांड की खाली ट्यूबों में भरता था और फिर उस पर ब्रांड की पैकिंग लगाकर उसे असली बताकर बाजार में ऊंचे दामों पर बेच देता था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब इस बात की जांच की जा रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है। साथ ही, पुलिस उन दुकानों और सप्लायर्स का भी पता लगा रही है जहाँ यह नकली और सेहत के लिए खतरनाक पेस्ट सप्लाई किया जाता था।
ध्यान देने योग्य बात यह है कि बाजार से कोई भी सामान खरीदते समय उसकी पैकिंग और दुकान की विश्वसनीयता की जांच जरूर करें, क्योंकि आपकी सेहत से खिलवाड़ कर कुछ लोग अपनी जेबें भर रहे हैं।