सीहोर में एक शादी समारोह में खाना खाने के बाद हुए 200 लोग बीमार: स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लिया खाने का सैंपल:
संवाददाता
26 March 2026
अपडेटेड: 6:42 PM 0thGMT+0530
26 मार्च 2026 :
मध्य प्रदेश /सीहोर:
सीहोर जिले के नवाबाद गांव में फूड प्वाइजनिंग से करीब 200 लोग बीमार हो गए। शादी समारोह में करीब 1200 लोगों ने भोजन किया । इनमें से करीब 200 लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार हो गए। सभी लोगों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी । इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचित किया गया, टीम गांव पहुंची और सभी लोगों को सीहोर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीहोर जिला अस्पताल के इमरजैंसी डॉक्टर, पैरामेडिकल और नर्सिंग स्टाफ को रात में ही बुलाया गया। 50 से अधिक मरीज को प्राथमिक इलाज के बाद घर रवाना कर दिया गया है।
इस घटना के बाद एसडीएम के नेतृत्व में एक टीम गांव पहुंची और शादी समारोह में बने भोजन सामग्री की जांच की। बताया जा रहा है कि जिन लोगों की तबीयत ज्यादा खराब हुई उनकी उम्र अधिक पाई गई । उन्हीं लोगों पर फूड प्वाइजनिंग का असर ज्यादा हुआ है। कुछ मरीजों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है और स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार नजर बनाए हुए हैं। खाने के सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद फूड प्वाइजनिंग की वजह पता चल पाएगी।