सरकारी स्कूल के शिक्षक पर गंभीर आरोप

khabar pradhan

संवाददाता

9 April 2025

अपडेटेड: 12:06 PM 0thGMT+0530

सरकारी स्कूल के शिक्षक पर गंभीर आरोप

हवालात में डालते ही तो बन गया मार्बल कारोबारी

हवालात में डालते ही तो बन गया मार्बल कारोबारी

राजस्थान के बूंदी में एक सरकारी स्कूल टीचर की करतूत सामने आई है। टीचर देवीलाल गुर्जर ने स्कूल में सीएल दिखाते हुए सवेतनिक अवकाश लिया था। इस दौरान वह पुलिस हिरासत में रहा। 8 दिन की जेल के बाद वह जमानत पर बाहर आया लेकिन अब फिर पकड़ा गया।

हत्या की सुपारी देने के मामले में अरेस्ट किया गया शख्स अब पुलिस जांच में सरकारी स्कूल का टीचर निकला है। वही आरोपी देवीलाल गुर्जर को वर्ष 2022 में रामदेव नेखाडी की हत्या की साजिश में पकड़ा गया था। साथ ही गिरफ्तारी के समय आरोपी ने पुलिस को गुमराह करते हुए खुद को मार्बल व्यवसायी बताया और अपने टीचर होने की बात छुपा ली थी। पुलिस की ताजा जांच में यह तथ्य सामने आने के बाद आरोपी को एक बार फिर गिरफ्तार किया गया है।

कोतवाली उपनिरीक्षक अवधेश कुमार के मुताबिक, देवीलाल एक दिन सदर थाना पुलिस की हिरासत और आठ दिन न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार बूंदी में रहा। जमानत पर रिहा होने के बाद भी उसने अपनी असली पहचान छिपाई। साथ ही पुलिस व जेल विभाग को यह जानकारी नहीं मिल सकी कि आरोपी एक सरकारी टीचर है, जिससे उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी लंबित रह गई है।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि देवीलाल ने गिरफ्तारी की अवधि में स्कूल की उपस्थिति पंजिका में स्वयं को आकस्मिक अवकाश पर दिखाया और उस अवधि का वेतन भी राजकोष से प्राप्त कर लिया गया। पुलिस का मानना है कि आरोपी ने न केवल पुलिस और जेल प्रशासन को गुमराह किया, बल्कि दस्तावेजों की कूट रचना कर अवैध लाभ भी उठाया।

अब पुलिस ने देवीलाल के विरुद्ध झूठी सूचना देने, दस्तावेजों में धोखाधड़ी और पद का दुरुपयोग करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उसकी गिरफ्तारी की सूचना उसके स्कूल—राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रामगंज बालाजी—और माध्यमिक शिक्षा विभाग बूंदी को भेज दी गई है। पुलिस का कहना है कि अब संबंधित विभाग उसकी सेवा के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करेगा।

टिप्पणियां (0)