*14 साल बाद पाक जेल से रिहा हुआ बालाघाट का युवक, परिवार में खुशी का माहौल*

khabar pradhan

संवाददाता

2 February 2026

अपडेटेड: 1:18 PM 0ndGMT+0530

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के एक युवक को 14 वर्षों बाद पाकिस्तान की जेल से रिहाई मिली है। निर्दोष होने के बावजूद लंबे समय तक जेल में सजा काटने वाला यह युवक अब स्वदेश लौटने की प्रक्रिया में है।

बालाघाट जिले के खैरलांजी गांव निवासी प्रसन्नजीत रंगारी उर्फ सुनील अडे (38) पिछले 14 वर्षों से पाकिस्तान की जेल में बंद था। शनिवार को पाकिस्तान सरकार द्वारा सात भारतीय नागरिकों को रिहा किया गया, जिनमें प्रसन्नजीत भी शामिल है।

प्रसन्नजीत की रिहाई के लिए उसकी बहन संघमित्रा खोबरागड़े लगातार प्रयास कर रही थीं। उन्होंने शासन-प्रशासन से कई बार गुहार लगाई थी। भाई की रिहाई की सूचना मिलने पर परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। संघमित्रा ने कहा कि वर्षों पुराना सपना आज साकार हो गया है।

रिहाई के बाद पाकिस्तान रेंजर्स ने सभी भारतीय नागरिकों को अटारी-वाघा बॉर्डर पर बीएसएफ के हवाले कर दिया। इसके बाद भारत की ओर से कस्टम और इमिग्रेशन की औपचारिकताएं पूरी की गईं। सभी रिहा नागरिकों का अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया।

प्रसन्नजीत को फिलहाल अमृतसर स्थित रेडक्रॉस भवन के मजीठा थाना क्षेत्र में रखा गया है। पुलिस प्रशासन ने उसके परिजनों को रिहाई की सूचना दे दी है। परिजनों के अनुसार, प्रसन्नजीत स्वस्थ है और मानसिक रूप से भी ठीक है।

बताया जा रहा है कि सोमवार को उसके परिजन अमृतसर पहुंचेंगे और मंगलवार तक प्रसन्नजीत के अपने गांव लौटने की संभावना है। 14 साल बाद बेटे की वापसी की उम्मीद से परिवार और गांव में उत्साह का माहौल है।

टिप्पणियां (0)