25 महिला विभूतियों को ऊर्जस्विता सम्मान :
संवाददाता
2 January 2026
अपडेटेड: 4:30 PM 0thGMT+0530
भोपाल के आईएचएम सभागार में महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ,संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र लोधी, महापौर मालती राय एवं भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष अश्विनी परांजपे महिला विभूतियों का सम्मान करेंगी!
भोपाल। अनुनय एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी पिछले चार वर्षों की तरह इस बार भी ऊर्जस्विता सम्मान समारोह का आयोजन करने जा रही है। यह समारोह भारतीय होटल प्रबंधन संस्थान, भोपाल के साथ मिलकर बुधवार, सात जनवरी, 2026 को दोपहर तीन बजे आयोजित किया जा रहा है।
सम्मान समारोह में अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यरत 25 महिलाओं का सम्मान किया जाएगा। सम्मान समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी मुख्य अतिथि होंगे और महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया अध्यक्षता करेंगी। भोपाल की महापौर मालती राय, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे और आईएचएम के प्राचार्य डॉ. रोहित सरीन विशेष अतिथि होंगे। मध्य प्रदेश की सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी जयश्री कियावत को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
अनुनय एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी की अध्यक्ष श्रीमति माही भजनी और सचिव आईएफएस अधिकारी (सेवानिवृत्त) डॉ. एके भट्टाचार्य ने बताया कि पिछले चार वर्षों में ऊर्जस्विता सम्मान समारोह को व्यापक प्रतिसाद मिला है। इस बार भी जब इस आयोजन की घोषणा हुई तो बड़ी संख्या में नामांकन मिले। इनमें से 25 महिलाओं का चयन पुरस्कार के लिए किया गया है। संस्था की अध्यक्ष माही भजनी ने बताया कि अनुनय संस्था पिछले 15 वर्षों से गरीब एवं वंचित तबके के बच्चों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रही है। खासकर ऐसे बच्चों के लिए जो पन्नी बीनते हैं या भीख मांगते हैं। अब तक संस्था के सेतु सेंटरों के जरिये करीब एक हजार बच्चों को स्कूल से जोड़ा जा चुका है। इसके अलावा संस्था ने शाजापुर जिले में एक स्कूल के डिजिटलीकरण में भी अहम योगदान दिया है।
संस्था के सचिव डॉ. भट्टाचार्य ने बताया कि ऊर्जस्विता सम्मान के जरिये हमारी कोशिश समाज को दिशा देने वाली उन महिला विभूतियों का सम्मान करना है, जो अपने-अपने क्षेत्र की दिग्गज हैं और देश-दुनिया में अपना नाम कमा रही हैं। संस्था के लिए इन महिला विभूतियों का चयन करना इतना आसान भी नहीं था। हमारी ज्यूरी ने इनका चयन कर बहुत बड़ा काम किया है।
इन महिला विभूतियों का होगा सम्मानः स्विट्जरलैंड से इजाबेल (इकोटूरिज्म), इंदौर से डॉ. सीमा अलावा (प्रशासनिक सेवा), उज्जैन से महामंडलेश्वर देवी माँ शिवांगी नंद गिरी जी (अध्यात्म), उत्तराखंड से अनुपमा जोशी (डिफेंस सर्विसेस), नीतू शर्मा (सामाजिक नेतृत्व), नर्मदापुरम से डॉ. स्मिता रिछारिया (लेखक), यूके से सोफी हार्टमैन (कम्युनिटी डेवलपमेंट), ग्वालियर से डॉ. महिमा तारे (महिला सशक्तिकरण), छत्तीसगढ़ से तान्या मरावी (आदिवासी कला) और दीप्ति ओग्रे (जनजातीय संस्कृति एवं उद्यमिता), शाजापुर से अनुज्ञा शर्मा (स्पोर्ट्स), भोपाल से श्रीमती डॉली शर्मा (समाज सेवा), प्रीति शर्मा जैन (प्रिंट मीडिया), डॉ. प्रिया सिंह कुशवाह (स्वास्थ्य सेवा), सुश्री गुंजन चौकसे (राजनीति), विनीता सिंह तोमर (समाज सेवा), जया शर्मा (इलेक्ट्रॉनिक मीडिया), मुद्रा केसवानी (इन्फ्लुएंसर), तरु सक्सेना (आतिथ्य शिक्षा), अविशी श्रीवास्तव (शिक्षा और प्रशिक्षण), डॉ. मनेन्द्र कटियार (लोक स्वास्थ्य), डॉ. राखी माहेश्वरी (स्वास्थ्य सेवा प्रशासन), दिल्ली से नमिता छेत्री (सामाजिक उद्यमिता), छतरपुर से डॉ. श्वेता गर्ग (सामुदायिक विकास)।