सतना में डायग्नोस्टिक सेंटर में बड़ी लापरवाही आई सामने:
संवाददाता
21 January 2026
अपडेटेड: 2:14 PM 0stGMT+0530
सतना डायग्नोस्टिक केंद्र में एक ऐसी लापरवाही सामने आई है ,जिसमें एक पुरुष मरीज की सोनोग्राफी में उसकी रिपोर्ट में यूटरस यानि गर्भाशय का उल्लेख कर दिया गया। इसे देखकर डॉक्टर भी हैरान रह गए।
इस मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई। उचेहरा के नगर पंचायत अध्यक्ष निरंजन प्रजापति जिनकी उम्र 47 वर्ष है ,उन्हें पेट दर्द की शिकायत थी । 13 जनवरी को बिना डॉक्टर के पर्चे के सतना डायग्नोस्टिक सेंटर में सोनोग्राफी कराई। जब उन्होंने जबलपुर के एक डॉक्टर को रिपोर्ट दिखाई तो उन्होंने इस रिपोर्ट को गलत बताया
निरंजन प्रजापति ने इस लापरवाही को लेकर सिटी कोतवाली कोतवाली में शिकायत की है । उन्होंने कहा डॉक्टर के अनुसार पुरुष में गर्भाशय नहीं हो सकता । यह सिर्फ तकनीकी खराबी नहीं बल्कि मरीज की सेहत से भी खिलवाड़ है और उसकी जान खतरे में पड़ सकती है।
इस संबंध में सीएमएचओ डॉक्टर मनोज शुक्ला का कहना है इस मामले की जांच कराई जाएगी और केंद्र संचालक डॉक्टर अरविंद सराफ का कहना है कि मरीज को कोई बीमारी नहीं थी, किंतु कंप्यूटर ऑपरेटर की गलती से फीमेल फॉर्मेट का चयन हो गया । इसलिए ऐसी गलत रिपोर्ट निकल आई है।
पीडित प्रजापति ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गलत रिपोर्ट किसी की भी मानसिक स्थिति और उपचार प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है। जो मरीज के जीवन के लिए भी खतरा साबित हो सकती है। वहीं स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि अगर, जनप्रतिनिधि की रिपोर्ट में इस तरह की लापरवाही हो सकती है, तो आम मरीजों के साथ क्या होता होगा। शहर की जानी-मानी पैथालॉजी लैब पर गलत मेडिकल रिपोर्ट देने का मामला अब तूल पकड़ रहा है। मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच का भरोसा दिया है, लेकिन सवाल यह है कि क्या यह भरोसा सिस्टम में भरोसा लौटा पाएगा।