चंदेरी में चल रही थी एमडी ड्रग्स फैक्ट्री, नारकोटिक्स टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया :

khabar pradhan

संवाददाता

11 February 2026

अपडेटेड: 10:54 PM 0thGMT+0530

अशोकनगर जिले के ऐतिहासिक नगर चंदेरी में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। जिले के ग्रामीण क्षेत्र में एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री संचालित होने की सूचना पर इंदौर नारकोटिक्स टीम ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में तैयार और अर्ध-तैयार एमडी ड्रग्स बरामद की है।

टीम ने इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल होने वाले केमिकल, उपकरण, हथियार और वाहन भी जब्त किए हैं। इस पूरे मामले से इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, नारकोटिक्स विभाग को चंदेरी क्षेत्र के कड़राना गांव में एमडी ड्रग्स बनाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद इंदौर से आई 15 सदस्यीय नारकोटिक्स टीम ने योजना बनाकर बीती रात करीब 1:30 बजे गांव में दबिश दी।

टीम ने राघवेंद्र परमार के घर पर छापा मारते हुए वहां चल रही संदिग्ध गतिविधियों की जांच की, जिसमें ड्रग्स निर्माण का पूरा सेटअप सामने आया।

छापेमारी के दौरान मौके से 1 किलो 282 ग्राम तैयार एमडी ड्रग्स, 2 किलो 570 ग्राम अर्ध-तैयार एमडी ड्रग्स, लगभग 45 किलो ड्रग्स बनाने वाले केमिकल और अन्य उपकरण व सामग्री बरामद की गई।

नारकोटिक्स अधिकारियों के अनुसार, इतनी मात्रा में एमडी ड्रग्स की बरामदगी यह संकेत देती है कि यह नेटवर्क बड़े स्तर पर सक्रिय था और इसकी सप्लाई अन्य जिलों तक भी हो सकती है।

इस कार्रवाई में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान राघवेंद्र परमार (पुत्र बलराम सिंह परमार) और प्रियांशु जैन (पुत्र सुनील जैन), दोनों निवासी हाटकापुरा, चंदेरी के रूप में हुई है।

आरोपियों के पास से एक कार, लाइसेंसी पिस्टल, 15 जिंदा राउंड और एक मैगजीन भी बरामद की गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने घर के अंदर ही ड्रग्स निर्माण की पूरी व्यवस्था कर रखी थी। फैक्ट्री का सेटअप इस तरह बनाया गया था कि बाहर से सामान्य घर जैसा लगे, लेकिन अंदर ड्रग्स बनाने की गतिविधियां चल रही थीं।

फिल्मी स्टाइल में हुआ पूरा ऑपरेशन l टीम ने रात के अंधेरे में ऑपरेशन को अंजाम देकर दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में लिया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स कहां सप्लाई की जा रही थी, इसके पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है, आरोपियों का संपर्क किन बड़े तस्करों से है और क्या इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं।

आरोपी प्रियांशु जैन चंदेरी में होने वाली फिल्म शूटिंग के दौरान मुंबई से आने वाले कलाकारों का मैनेजमेंट देखता था संभावना है कि महंगे नशे के शौकीनों से भी उसका कनेक्शन हो सकता है हालांकि इसके आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है l

चंदेरी जैसे शांत क्षेत्र में ड्रग्स फैक्ट्री का सामने आना प्रशासन और समाज दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

टिप्पणियां (0)