बकाया टैक्स पर सख्ती, वार्ड 45 में 7 संपत्तियां कुर्क
संवाददाता
21 February 2026
अपडेटेड: 12:26 PM 0stGMT+0530
भोपाल में संपत्ति कर वसूली अभियान हुआ तेज
भोपाल नगर निगम ने संपत्तिकर और अन्य करों की वसूली को लेकर अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में जोन-10 के वार्ड-45 में सात बड़े बकायेदारों की संपत्तियां कुर्क कर दी गईं। संबंधित करदाताओं को पहले ही नोटिस देकर भुगतान के लिए समय दिया गया था, लेकिन तय समय में राशि जमा नहीं होने पर यह सख्त कदम उठाया गया।
बीडीए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की दुकानों पर सबसे ज्यादा बकाया
नगर निगम के अनुसार दुकान नंबर 409, बीडीए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स 7 नंबर स्टॉप की रेखा किलेदार पर 1 लाख 26 हजार 60 रुपये बकाया था। वहीं शॉप नंबर 336, बीडीए 7 नंबर की सावित्री गुप्ता पर 1 लाख 91 हजार 44 रुपये की देनदारी पाई गई, जिसके चलते संपत्ति कुर्क की गई।
अन्य दुकानों पर भी कार्रवाई, कई छोटे बकायेदार भी शामिल
शॉप नंबर 233, बीडीए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स 7 नंबर स्टॉप के एचएच शर्मा पर 37 हजार 59 रुपये बकाया थे। इसके अलावा ई-2/21 ब्लॉक जीएफ की शॉप नंबर 31 की फूल कुमारी खरे, शॉप नंबर 30 की शांति खरे और शॉप नंबर 27 के दीप दीक्षित पर 35 हजार 742-35 हजार 742 रुपये की देनदारी पाई गई।
आवासीय संपत्तियों पर भी कार्रवाई, बकाया वसूली जारी
एलजीएफ 34-35 कामधेनु टावर, ई-2/21 अरेरा कॉलोनी की गायत्री गौड़ पर 39 हजार 323 रुपये का बकाया था, जिस पर कुर्की की कार्रवाई की गई। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि आगे भी वसूली अभियान जारी रहेगा और बड़े बकायेदारों पर सख्ती बरती जाएगी, ताकि कर संग्रहण को मजबूत बनाया जा सके।