परीक्षा केंद्र में छात्रा की मौत से मचा हड़कंप

khabar pradhan

संवाददाता

25 February 2026

अपडेटेड: 12:20 PM 0thGMT+0530

मुरैना जिले के बानमौर स्थित परीक्षा केंद्र में 10वीं बोर्ड की परीक्षा के दौरान एक छात्रा की अचानक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार छात्रा गणित की परीक्षा देने आई थी और पेपर खत्म होने के बाद दोपहर करीब 12 बजे कॉपी जमा करने जा रही थी। इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह परीक्षा केंद्र में ही गिर पड़ी।
छात्रा को तत्काल बानमौर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परीक्षा केंद्र और अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

परिवार के लोगों ने बताया कि छात्रा को पहले किसी प्रकार की गंभीर बीमारी नहीं थी। वह पूरी तरह स्वस्थ थी और सामान्य रूप से परीक्षा देने गई थी। अचानक इस तरह तबीयत बिगड़ने से परिजन और ग्रामीण स्तब्ध हैं।

जिला अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार छात्रा काफी कमजोर थी और संभव है कि परीक्षा के तनाव या घबराहट के कारण उसे दिल का दौरा पड़ा हो। प्रारंभिक तौर पर कार्डियक अरेस्ट को मौत की वजह माना जा रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

टिप्पणियां (0)