रूस में ज्वालामुखी विस्फोट, 8 किमी तक उछला राख और धुएं का गुबार
संवाददाता
13 March 2026
अपडेटेड: 3:39 PM 0thGMT+0530
13 मार्च 2026
रूस के कामचटका प्रायद्वीप स्थित शिवेलुच ज्वालामुखी में गुरुवार को शक्तिशाली विस्फोट हुआ। विस्फोट के बाद आसमान में करीब आठ किलोमीटर तक राख और धुएं का गुबार फैल गया, जिससे आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
रूसी विज्ञान अकादमी के ज्वालामुखी विज्ञान और भूकंप विज्ञान संस्थान के वैज्ञानिकों ने इस घटना की जानकारी दी। उनके अनुसार विस्फोट के साथ ही ज्वालामुखी से गर्म गैस, भाप और राख का बड़ा गुबार निकला, जो काफी ऊंचाई तक पहुंच गया।
वैज्ञानिकों ने बताया कि विस्फोट के कारण राख का बादल समुद्र तल से करीब आठ किलोमीटर ऊपर तक फैल गया। वहीं ज्वालामुखी से निकलने वाली राख और धुएं का असर आसपास के इलाकों में भी देखा गया।
विशेषज्ञों के मुताबिक इस तरह के विस्फोट से विमानन सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है, इसलिए इलाके में अलर्ट जारी किया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।