होर्मुज संकट के बीच राहत की ख़बर: LPG टैंकर ‘शिवालिक’ सुरक्षित भारत पहुंचा

khabar pradhan

संवाददाता

17 March 2026

अपडेटेड: 4:18 PM 0thGMT+0530

होर्मुज संकट के बीच राहत की ख़बर: LPG टैंकर ‘शिवालिक’ सुरक्षित भारत पहुंचा

17 मार्च 2026

नई दिल्ली
पश्चिम एशिया में तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में बाधाओं के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। एलपीजी लेकर भारतीय जहाज ‘शिवालिक’ सोमवार शाम गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पर सुरक्षित पहुंच गया।

यह टैंकर करीब 46 हजार मीट्रिक टन एलपीजी लेकर आया है, जिसे घरेलू आपूर्ति नेटवर्क में भेजा जाएगा। इससे गैस संकट की आशंकाओं के बीच राहत मिलने की उम्मीद है। बताया गया है कि यह जहाज 7 मार्च को कतर से रवाना हुआ था, लेकिन होर्मुज क्षेत्र में स्थिति बिगड़ने के कारण कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ।

सूत्रों के मुताबिक, एलपीजी लेकर आ रहा एक और टैंकर नंदादेवी मंगलवार को कांडला बंदरगाह पहुंच सकता है। वहीं 81 हजार टन कच्चा तेल लेकर ‘जग लाडकी’ नाम का तेल टैंकर भी भारत आने की राह पर है, जो 14 मार्च को यूएई से रवाना हुआ था।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने स्पष्ट किया कि ईरान के साथ कोई औपचारिक समझौता नहीं हुआ है, बल्कि यह सहयोग के आधार पर संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि भारत और ईरान के बीच लंबे समय से सहयोग रहा है और उसी आधार पर यह कदम उठाया गया।

फारस की खाड़ी में फिलहाल 22 भारतीय ध्वज वाले जहाज मौजूद हैं, जिनमें 611 भारतीय नाविक सवार हैं। भारत अपनी जरूरत का लगभग 85% कच्चा तेल आयात करता है, जिसमें बड़ा हिस्सा पश्चिम एशिया से आता है।

सरकारी अधिकारियों के अनुसार, मौजूदा वैश्विक तनाव के बावजूद भारत की ईंधन आपूर्ति पर फिलहाल कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है। स्थानीय एलपीजी उत्पादन में भी 45% तक वृद्धि हुई है और जमाखोरी व कालाबाजारी पर कार्रवाई तेज कर दी गई है, जिससे हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं।

टिप्पणियां (0)