आध्यात्म और आधुनिकता का संगम: उज्जैन बन रहा मेडिकल, इंडस्ट्री और टेक्नोलॉजी हब
संवाददाता
20 March 2026
अपडेटेड: 3:50 PM 0thGMT+0530
20 मार्च 2026
भोपाल। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन अब केवल धार्मिक पहचान तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि तेजी से आधुनिक विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है। शहर में मेडिकल, इंडस्ट्री और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में बड़े प्रोजेक्ट्स के जरिए नई पहचान बनाई जा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में उज्जैन को आध्यात्मिक पर्यटन के साथ-साथ औद्योगिक और तकनीकी केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां कई बड़ी परियोजनाएं जमीन पर उतर रही हैं, जो आने वाले समय में शहर की तस्वीर और अर्थव्यवस्था दोनों को बदल देंगी।
उज्जैन में मेडिकल सेक्टर को मजबूत करने के लिए हाईटेक सुविधाओं वाला मेडिकल डिवाइस पार्क विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही आधुनिक अस्पताल और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार भी किया जाएगा, जिससे प्रदेश के साथ-साथ देशभर के मरीजों को लाभ मिलेगा।
औद्योगिक विकास के तहत विक्रम उद्योगपुरी को निवेश का नया केंद्र बनाया जा रहा है, जहां कंपनियों के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और शहर की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
आईटी पार्क का निर्माण भी जारी है, जिससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे। इससे उज्जैन को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
साथ ही, उज्जैन में साइंस सिटी विकसित की जा रही है, जहां परंपरा और विज्ञान का संगम देखने को मिलेगा। इसका उद्देश्य युवाओं में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना और उन्हें नए अवसर प्रदान करना है।
इन सभी परियोजनाओं के माध्यम से उज्जैन को एक ऐसे शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां आध्यात्मिकता के साथ आधुनिक विकास का संतुलित मेल दिखाई देगा।