16 अप्रैल 2026

भोपाल:
राजधानी भोपाल के बैरसिया इलाके में बुधवार को अपराध की एक  वारदात सामने आई है। यहाँ बदमाशों ने एक किराना कारोबारी की दिनदहाड़े गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल है।

मृतक की पहचान बैरसिया वार्ड नंबर 7 के रहने वाले 50 वर्षीय हनीफ खान के रूप में हुई है। हनीफ रोजाना की तरह अपनी किराना दुकान पर थे। दोपहर करीब 2 बजे वह बाइक लेकर घर से निकले थे, लेकिन शाम करीब 4:30 बजे लोगों ने बैरसिया से लगभग 10 किलोमीटर दूर शमशाबाद रोड पर उनका खून से लथपथ शव देखा। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घात लगाकर किया गया हमला
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि हमलावरों ने हनीफ पर बहुत करीब से गोलियां चलाईं। हत्या के लिए देसी पिस्तौल या कट्टे का इस्तेमाल किए जाने की आशंका है।
हमलावरों ने दो राउंड फायर किए।
एक गोली सीधे हनीफ के सीने में लगी और दूसरी कंधे के पास धंसी।
शव के पास ही उनकी बाइक भी गिरी हुई मिली है।

हनीफ खान की हत्या फिलहाल पुलिस के लिए एक बड़ी पहेली बन गई है। उनके परिजनों ने किसी भी पुराने विवाद या रंजिश होने से साफ इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया, उससे साफ है कि बदमाश हत्या की नियत से ही आए थे। पुलिस अब मृतक की दिनचर्या, उनके संपर्कों और तकनीकी सबूतों (जैसे मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी) की जांच कर रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। एसपी ग्रामीण प्रमोद प्रजापति के अनुसार, पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।