28 अप्रैल 2026
भोपाल:
मध्यप्रदेश के कॉलेजों में पढ़ाई करने का सपना देख रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है। उच्च शिक्षा विभाग ने नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों में प्रवेश का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। प्रदेश के करीब 1300 सरकारी और प्राइवेट कॉलेजों में एडमिशन की प्रक्रिया 1 मई से शुरू होने जा रही है।
पूरी प्रक्रिया होगी ऑनलाइन
छात्रों की सुविधा के लिए इस बार भी पूरी प्रवेश प्रक्रिया को ऑनलाइन रखा गया है। विद्यार्थी अपने मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए घर बैठे ही रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। विभाग का लक्ष्य है कि एडमिशन प्रोसेस पूरी तरह पारदर्शी रहे और छात्रों को भटकना न पड़े।
एडमिशन के चरण और मुख्य तारीखें
प्रवेश प्रक्रिया को मुख्य रूप से दो बड़े चरणों में और उसके बाद दो कॉलेज लेवल काउंसलिंग (CLC) राउंड में बांटा गया है।
प्रथम चरण
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन: 1 मई से 15 मई तक।
दस्तावेजों का सत्यापन (Verification): 2 मई से 16 मई तक।
सीट अलॉटमेंट (लिस्ट आना): 20 मई को।
दूसरा चरण
रजिस्ट्रेशन: 28 मई से 3 जून तक।
दस्तावेजों का सत्यापन: 29 मई से 4 जून तक।
सीट अलॉटमेंट: स्नातक (UG) के लिए 7 जून और स्नातकोत्तर (PG) के लिए 8 जून को।
फीस जमा करना: अलॉटमेंट के बाद 7 से 13 जून (UG) और 8 से 13 जून (PG) के बीच फीस जमा कर एडमिशन पक्का करना होगा।
छात्रों के लिए जरूरी बात
उच्च शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि वे छात्र जो पहले चरण में चूक जाएंगे, उन्हें दूसरे चरण और उसके बाद सीएलसी (CLC) राउंड में मौका दिया जाएगा। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे समय सीमा के भीतर अपने दस्तावेजों का सत्यापन जरूर करा लें ताकि सीट आवंटन में कोई दिक्कत न आए।
इस नई व्यवस्था से हजारों छात्र अब बिना किसी लंबी लाइन के सीधे अपने मोबाइल से ही अपनी पसंदीदा कॉलेज में सीट के लिए दावा पेश कर सकेंगे।


Leave a Reply