26 मई 2026
मास्को:
रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध अब एक बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। मॉस्को से आ रही खबरों के मुताबिक, रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर अपने हमलों को और तेज करने का साफ एलान कर दिया है। इसके साथ ही रूसी सरकार ने एक बड़ी चेतावनी जारी करते हुए कीव में मौजूद सभी विदेशी राजनयिकों और आम विदेशी नागरिकों से अपील की है कि वे जितनी जल्दी हो सके यूक्रेन की राजधानी छोड़ दें।
रूस के इस कड़े रुख और कीव खाली करने की चेतावनी से साफ संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में यूक्रेन पर हवाई और जमीनी हमले और ज्यादा भीषण हो सकते हैं। इस बीच कूटनीतिक मोर्चे पर भी हलचल तेज हो गई है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने भारत के दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से फोन पर लंबी बातचीत की है। इन दोनों नेताओं के बीच मौजूदा युद्ध के हालातों को लेकर क्या चर्चा हुई, इसकी पूरी डिटेल तो सामने नहीं आई है, लेकिन इस बातचीत और रूस की नई चेतावनी को जोड़कर देखा जाए तो युद्ध के और ज्यादा भड़कने के आसार साफ नजर आ रहे हैं।
सोमवार की लड़ाई में आठ लोगों की मौत
जमीन पर दोनों देशों के बीच जंग लगातार हिंसक होती जा रही है। सोमवार को हुई ताजा लड़ाई में आठ लोगों की जान चली गई। इसमें सबसे दर्दनाक बात यह रही कि यूक्रेन द्वारा किए गए एक हमले में दो नाबालिग बच्चों समेत चार आम नागरिकों की मौत हो गई। यह हमला रूस के नियंत्रण वाले पूर्वी यूक्रेन के होर्लिव्का शहर में हुआ, जहां यूक्रेनी सेना की गोलाबारी की चपेट में आने से इन मासूमों को अपनी जान गंवानी पड़ी। दोनों तरफ से बढ़ते हमलों ने पूरे इलाके में तनाव और डर का माहौल पैदा कर दिया है।


Leave a Reply