27 अगस्त 2026:
मध्य प्रदेश/
 मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता हुआ नजर आ रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में इसी  तरह बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर 115.6 से 204.4 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

इन इलाकों में सर्वाधिक वर्षा की संभावना:
पिछले 24 घंटों में मध्य प्रदेश के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार आज गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे तक ओरछा में सर्वाधिक 205 मिलीमीटर यानी करीब 8 इंच से अधिक वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा नलखेड़ा में 165, सुसनेर में 132, सेंवढ़ा और पृथ्वीपुर में 130-130, आगर में 110, निवाड़ी में 102 और मोहनगढ़ में 95 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट:
मौसम विभाग ने राजगढ़, बैतूल, आगरमालवा, गुना, शिवपुरी, दतिया, भिंड, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, शहडोल, छिंदवाड़ा, मंडला, पन्ना, दमोह और मैहर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। यहां 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। साथ ही गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना:
मौसम विभाग के अनुसार  भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, मंदसौर, नीमच, अशोकनगर, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, अनूपपुर, उमरिया, डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, बालाघाट, सागर और पांढुर्णा में भी कहीं-कहीं गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना हैं।

Share