दिलचस्प और रोमांचक घटना…सीधे शादी करने पहुंचे दोनों

khabar pradhan

संवाददाता

23 March 2025

अपडेटेड: 9:47 AM 0rdGMT+0530

रेलवे ट्रैक से सीधे शादी करने पहुंचे दोनों

एमपी के गुना जिले की ये कहानी थोड़ी फिल्मी है। एक औरत अपने पति के अत्याचारों से तंग आकर आत्महत्या करने रेलवे ट्रैक पर पहुंची। वही वह अपने साथ अपनी बेटी को भी ले गई थी। ऐन मौके पर रामप्रसाद की नजर उस पर पड़ गई और उसकी जान बचा ली। कहानी ने ऐसी पलटी मारी कि दोनों ने शादी कर ली।
कहते हैं कि जीवन में कब, कहां और कैसे किसी का भाग्य बदल जाए, यह कोई नहीं जानता। गुना जिले में एक ऐसा ही अनोखा और प्रेरणादायक मामला सामने आया है। एक युवक ने आत्महत्या करने जा रही महिला को बचाया और फिर परिस्थितियों ने ऐसा मोड़ लिया कि दोनों ने जीवनसाथी बनने का निर्णय ले लिया।
गोपालपुर की रहने वाली काजल सहरिया का वैवाहिक जीवन बेहद कष्टदायक रहा था। इसके साथ ही उसके पति का व्यवहार उसके प्रति क्रूर था और वह आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। इन घरेलू यातनाओं से तंग आकर काजल ने अपनी छोटी बच्ची को साथ लिया और 13 मार्च को गुना के रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या करने पहुंच गई।
संयोग से, उसी वक्त नानाखेड़ी निवासी रामप्रसाद पारदी भी वहां मौजूद थे। जैसे ही उन्होंने काजल को पटरियों पर जाते देखा, वह तुरंत उसे खींचकर सुरक्षित स्थान पर ले आए। जब उन्होंने काजल से इस आत्मघाती कदम का कारण पूछा, तो उसकी दर्दभरी कहानी सुनकर वे द्रवित हो गए।
रामप्रसाद की अपनी जिंदगी भी संघर्षों से भरी हुई थी। वही उनकी पत्नी का करीब 8 माह पहले टीबी की बीमारी के कारण निधन हो गया था। उनके पास एक बेटा था और वे अकेले ही उसे पाल रहे थे। जब उन्होंने काजल की स्थिति देखी, तो उन्हें महसूस हुआ कि वे दोनों ही अपने-अपने जीवन में अकेले और असहाय हैं।
रामप्रसाद ने काजल को अपने घर ले जाने का निर्णय लिया। जब उनके परिवार ने काजल की कहानी सुनी तो उन्होंने दोनों को एक-दूसरे के जीवन का साथी बनने की सलाह दी। परिस्थितियों को देखते हुए काजल और रामप्रसाद ने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का फैसला कर लिया।
काजल और रामप्रसाद ने एक-दूसरे को पति-पत्नी के रूप में स्वीकार कर लिया। हालांकि, इस रिश्ते को कानूनी मान्यता अभी नहीं मिली थी, इसलिए उन्होंने कोर्ट जाकर विवाह का अनुबंध एग्रीमेंट करवाया। अब दोनों कोर्ट मैरिज की प्रक्रिया पूरी करने की योजना बना रहे हैं।
रामप्रसाद और काजल के इस नए जीवन की शुरुआत को परिवार और समाज ने भी स्वीकार कर लिया है। उनके रिश्तेदारों और प्रियजनों ने उन्हें नवदाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं दी हैं। भले ही अभी यह रिश्ता कानूनी रूप से पक्का नहीं हुआ हो, लेकिन दोनों ने एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प ले लिया है।

टिप्पणियां (0)