कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान,सुप्रीम कोर्ट की फटकार,मंत्री जी मांग रहे माफी…
संवाददाता
15 May 2025
अपडेटेड: 8:24 AM 0thGMT+0530
कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान,सुप्रीम कोर्ट की फटकार,मंत्री जी मांग रहे माफी:
मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कुंवर विजय शाह हाल ही में अपने विवादित बयान को लेकर एक बड़े विवाद में घिर गए हैं. भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के चलते उनके खिलाफ इंदौर जिले में मामला दर्ज किया गया है. यह मामला न सिर्फ राजनीतिक हलकों में गर्मा गया है, बल्कि सुप्रीम कोर्ट तक जा पहुंचा है, जहां मंत्री को कड़ी फटकार का सामना करना पड़ा है.
सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी: “संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को जिम्मेदार होना चाहिए”:
मामला तब और गंभीर हो गया जब विजय शाह मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंच गए. उन्होंने गिरफ्तारी से राहत पाने के लिए सुप्रीम कोर्ट से अर्जेंट सुनवाई की मांग की. इस पर सुनवाई करते हुए सर्वोच्च न्यायालय ने कड़ी नाराजगी जाहिर की. एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने कुंवर विजय शाह को फटकार लगाते हुए कहा, “जब देश एक संवेदनशील दौर से गुजर रहा हो, तब किसी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी का भान होना चाहिए. उसे यह समझना चाहिए कि वह क्या बोल रहा है.”
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे समय में जब देश की सुरक्षा और संवेदनशीलता पर सवाल उठते हों, कोई भी गैर-जिम्मेदाराना बयान अस्वीकार्य है, विशेष रूप से किसी मंत्री की ओर से. कोर्ट ने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों से संयम और मर्यादा की अपेक्षा की जाती है. इस टिप्पणी के बाद कोर्ट ने मामले की सुनवाई के लिए अगली तारीख तय कर दी है, जो कि कल होगी.
बयान पर मचा बवाल, विजय शाह ने मांगी सार्वजनिक माफी:
विवादित बयान के बाद विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों ने विजय शाह की कड़ी आलोचना की. सोशल मीडिया पर भी मंत्री के बयान की तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली. आलोचना के बाद विजय शाह ने X पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी.
उन्होंने लिखा, “मैं विजय शाह, हाल ही में मेरे दिए गए बयान से, जो हर समाज की भावनाएं आहत हुई हैं, उसके लिए मैं दिल से न केवल शर्मिंदा हूं, दुखी हूं, बल्कि माफ़ी चाहता हूं.”
विजय शाह ने आगे लिखा, “हमारे देश की बहन सोफिया कुरैशी जी ने राष्ट्र धर्म निभाते हुए जाति और समाज से ऊपर उठकर काम किया है. हाल के भाषण में मेरी इच्छा और मंशा यही थी कि मैं उनकी बात को अच्छे से समाज के बीच में रखूं, लेकिन दुखी और विचलित मन से कुछ शब्द गलत निकल गए, जिसके कारण आज मैं खुद शर्मिंदा हूं. मैं पूरे समाज और समुदाय से माफी मांगता हूं. बहन सोफिया और देश की सम्माननीय सेना का मैं हमेशा सम्मान करता हूं.”