ट्रैवल व्लॉगर ज्योति मल्होत्रा जासूसी के आरोप में गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो

khabar pradhan

संवाददाता

19 May 2025

अपडेटेड: 9:16 AM 0thGMT+0530

ट्रैवल व्लॉगर ज्योति मल्होत्रा जासूसी के आरोप में गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो

ट्रैवल व्लॉगर ज्योति मल्होत्रा जासूसी के आरोप में गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो

हरियाणा की चर्चित ट्रैवल व्लॉगर ज्योति मल्होत्रा को भारत की खुफिया जानकारी पाकिस्तान को देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. सुरक्षा एजेंसियों ने उसे जासूसी के शक में हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है. बताया जा रहा है कि ज्योति सिर्फ अकेली नहीं थी, बल्कि एक नेटवर्क का हिस्सा थी, जिसमें कई लोग शामिल हैं जो भारत विरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं.
ज्योति से जुड़े सभी फोन नंबरों की जांच की जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि वह किन-किन लोगों से संपर्क में थी और किस तरह की जानकारी साझा की जा रही थी. सोशल मीडिया पर उसके कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें वह भारत के धार्मिक और सामरिक दृष्टिकोण से संवेदनशील स्थानों पर घूमते हुए नजर आ रही है.

पहलगाम दौरे के बाद गहराया शक
ज्योति मल्होत्रा का एक व्लॉग वीडियो सोशल मीडिया पर खासा वायरल हो रहा है, जिसमें वह जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में नजर आ रही है. गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में 22 अप्रैल को आतंकी हमला हुआ था. कहा जा रहा है कि यह वीडियो हमले से ठीक कुछ दिन पहले रिकॉर्ड किया गया था, जिससे सुरक्षा एजेंसियों का शक और गहरा हो गया है.
वीडियो में ज्योति पहलगाम की खूबसूरती दिखाते हुए लोगों को गाइड कर रही है कि कैसे यहां घूमने आ सकते हैं. सामान्य तौर पर यह एक ट्रैवल व्लॉग जैसा ही लगता है, लेकिन हमले से पहले की उसकी मौजूदगी और पाकिस्तानी कनेक्शन ने इस मामले को और संवेदनशील बना दिया है.

राम मंदिर और पाकिस्तान के वीडियो भी जांच के घेरे में
ज्योति मल्होत्रा के सोशल मीडिया प्रोफाइल पर राम मंदिर से जुड़ा एक पुराना वीडियो भी वायरल हो रहा है. इसमें वह अयोध्या के राम मंदिर परिसर में नजर आती है और वहां की सुविधाओं की जानकारी देती है. वीडियो में वह ‘जय श्री राम’ के नारे भी लगाते हुए दिख रही है.
वहीं, कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि उसके अकाउंट्स पर पाकिस्तान से संबंधित कुछ संदिग्ध वीडियो भी मौजूद हैं, जिन्हें लेकर जांच एजेंसियां सतर्क हैं. यह अभी स्पष्ट नहीं है कि इन वीडियो का उद्देश्य क्या था, लेकिन खुफिया एजेंसियां इसकी गहराई से जांच कर रही हैं.

सोशल मीडिया और ट्रैवल व्लॉग की आड़ में बड़ी साजिश?
इस घटना ने सोशल मीडिया और ट्रैवल व्लॉगिंग की दुनिया में हलचल मचा दी है. ज्योति जैसे कई कंटेंट क्रिएटर्स सीमावर्ती इलाकों और संवेदनशील स्थलों पर घूमते हुए वीडियो बनाते हैं, लेकिन अब सुरक्षा एजेंसियां इन गतिविधियों पर बारीकी से नजर रख रही हैं.
सवाल यह उठता है कि क्या सोशल मीडिया और यूट्यूब की आड़ में कोई बड़ा नेटवर्क देशविरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा है? ज्योति मल्होत्रा की गिरफ्तारी ने इस आशंका को बल दिया है. फिलहाल जांच जारी है और यह देखना बाकी है कि इस मामले में और कितने नाम सामने आते हैं.

टिप्पणियां (0)