न्यू ईयर पार्टी पर रहेगी पुलिस की नजर: सड़कों पर चेकिंग शुरू:
संवाददाता
30 December 2025
अपडेटेड: 4:30 PM 0thGMT+0530
मध्य प्रदेश /भोपाल:नए साल के जश्न को लेकर पुलिस ने शहर में सख्त कार्रवाई करने का पुख्ता इंतजाम किया है। 31 दिसंबर की रात शहर में रात में 12:30 बजे के बाद किसी भी तरह का जश्न डीजे या तेज आवाज में संगीत की अनुमति भी नहीं मिलेगी। इन नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा यदि शराब पीकर वाहन चलाने या हुडदंग करने वालों पर भी सख्ती की जाएगी।
इसके लिए पुलिस ने शहर के 75 स्थान पर चेकिंग पॉइंट बनाए हैं । जहां सभी वाहन चालकों की जांच की जाएगी और इस अभियान की शुरुआत सोमवार से ही कर दी गई है।
नए साल के जश्न में उत्पात ना हो इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है । पुलिस कमिश्नर हरि नारायण मिश्र ने बताया कि यदि नए साल के जश्न मनाते समय कोई नशे की हालत में वाहन चलाता हुआ पकड़ा जाएगा, तो उसका लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा और केस दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 1500 पुलिसकर्मी सड़क पर तैनात रहेंगे। प्रमुख चौराहों पर होटल ढाबों क्लब और भीड़ भाड़ वाले इलाकों में पुलिस का अतिरिक्त बल लगाया गया है।
अनुमति लेने वाले आयोजकों को दिशा निर्देश:
पुलिस ने नए साल के जश्न की आयोजन की अनुमति लेने वाले आयोजकों को भी स्पष्ट दिशा निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों के मुताबिक सभी आयोजन स्थलों पर शोर शराबा और समय सीमा का सख्ती से पालन करना अनिवार्य होगा। अवैध शराब परोसना और नाबालिगों को शराब देने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा । आयोजन स्थल पर पार्किंग की उचित व्यवस्था बनानी होगी।
जिससे यातायात बाधित न हो । इसकी जिम्मेदारी आयोजन की ही होगी।
नए साल के जश्न के आयोजन में किसी भी तरह का हुड़दंग ,झगड़ा या अश्लीलता पाए जाने पर आयोजन की अनुमति रद्द की जा सकती है।
शांतिपूर्ण हो नए साल का जश्न:
नए साल के जश्न को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए पुलिस ने पुराने गुंडे, बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंध के रूप में कार्रवाई शुरू की है । जिसके तहत शहर और ग्रामीण क्षेत्र में थानों में बांड भरवायें जा रहे हैं । जिससे किसी भी तरह के आपराधिक गतिविधि या हुडदंग पर पहले ही लगाम लगाई जा सके । पुलिस पुराने अपराधियों पर हिस्ट्रीशीटर और शांति भंग करने वाले आशंका वाले लोगों को थाने बुलाकर उनसे अच्छे आचरण करने हेतु बांड भरवा रही है और चेतावनी दी जा रही है कि यदि नियम तोड़ा जाएगा तो तत्काल गिरफ्तारी होगी।
इसके अलावा पुलिस ने प्रमुख चौराहों पर ,होटल और ढाबों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।