मध्यप्रदेश की मुख्य 5 खबरें:
संवाददाता
9 January 2026
अपडेटेड: 8:19 PM 0thGMT+0530
1..खुरई आ रहे हैं मुख्यमंत्री मोहन यादव, सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर प्रशासन अलर्ट:
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 10 जनवरी को सागर जिले के खुरई दौरे पर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद डॉ. यादव का यह खुरई विधानसभा क्षेत्र में पहला दौरा होगा, ऐसे में प्रशासन और भाजपा संगठन इसे लेकर पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर हेलीपैड, सभा स्थल और रोड शो मार्ग पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। खुरई विधायक और पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने संभाग आयुक्त अनिल सुचारी, आईजी हिमानी खन्ना, कलेक्टर संदीप जीआर और एसपी विकास शाहवाल के साथ मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया ।संभाग आयुक्त अनिल सुचारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लोगों को कम से कम पैदल चलना पड़े, इसकी विशेष व्यवस्था की जाए ।
हेलीपैड, सभा स्थल और रोड शो मार्ग पर एम्बुलेंस, डॉक्टर और फायर ब्रिगेड की तैनाती अनिवार्य होगी। उन्होंने कहा कि पार्किंग, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था समय से पहले पूरी की जाए । हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक सड़क मार्ग को पूरी तरह साफ रखा जाए और सभा स्थल पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित की जाए।
वहीं आईजी हिमानी खन्ना ने सुरक्षा को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रोड शो के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल और रास्ता पार्टी तैनात रहेगी । ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से पूरे कार्यक्रम की निगरानी की जाएगी। रोड शो मार्ग पर मौजूद अस्थायी अतिक्रमण को तत्काल हटाने और बिजली लाइनों की ऊंचाई जांचने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन का दावा है कि मुख्यमंत्री के इस पहले दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए हर स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
2..विधानसभा सुरक्षा से जुड़ा मामला: फर्जी पास मामले में यासीन मछली की जमानत खारिज:
मध्यप्रदेश विधानसभा की सुरक्षा से जुड़े फर्जी प्रवेश पास मामले में आरोपी यासीन अहमद उर्फ मछली को हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी है। जस्टिस प्रमोद कुमार अग्रवाल की एकलपीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि यह मामला सीधे विधानसभा की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसे बेहद गंभीरता से लिया जाना चाहिए। यह मामला भोपाल के अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र में दर्ज अपराध क्रमांक 131/2025 से संबंधित है। अभियोजन के अनुसार 25 जुलाई 2025 को शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी ने दिसंबर 2024 के विधानसभा सत्र के दौरान पत्रकार गौरव शर्मा के नाम से जारी पार्किंग पास क्रमांक 433 में छेड़छाड़ की। इस फर्जी पास का इस्तेमाल आरोपी अपनी निजी कार MP 04 ZL 0999 में कर रहा था, जबकि यह पास किसी अन्य वाहन के लिए वैध रूप से जारी किया गया था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि यासीन मछली लंबे समय से फर्जी पहचान और दस्तावेजों का इस्तेमाल करता रहा है। इसी आधार पर भोपाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। हाईकोर्ट ने साफ कहा कि इस तरह की गतिविधियां न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े करती हैं। इसलिए आरोपी को राहत नहीं दी जा सकती।
3…ममता बनर्जी के विरोध पर सिंधिया का पलटवार, बोले जनता की अदालत का समय आ चुका:
पश्चिम बंगाल में ईडी की कार्रवाई के बाद ममता बनर्जी के विरोध पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। गुना दौरे पर पहुंचे सिंधिया ने कहा कि भारत एक प्रजातंत्र है, हर किसी को विरोध करने का अधिकार है, लेकिन अब जनता की अदालत का समय आ चुका है। सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। गरीबों तक योजनाएं पहुंच रही हैं और भारत को विश्व स्तर पर मजबूत किया जा रहा है। जो लोग अब घबराहट में हैं, वही ऐसे मुद्दों को राजनीतिक हथियार बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को कोई रोक नहीं सकता। इस दौरान सिंधिया ने देश की बुनियादी ढांचे की प्रगति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज वंदे भारत ट्रेन चल रही है और आने वाले दो सालों में मुंबई से अहमदाबाद तक समुद्र के नीचे और जमीन के अंदर सुरंग बनाकर बुलेट ट्रेन चलेगी, जिसकी रफ्तार हवाई जहाज से भी तेज होगा। गुना के म्याना रेलवे स्टेशन पर उन्होंने भोपाल–ग्वालियर इंटरसिटी और पगारा में भोपाल–जोधपुर एक्सप्रेस के स्टॉपेज का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर सहित कई नेता मौजूद रहे।क्ष
4..जबलपुर नगर निगम में बड़ा घोटाला, आधी रात को मकान लिस्ट कर करोड़ों का नुकसान:
जबलपुर नगर निगम में भ्रष्टाचार और राजस्व घोटाले के गंभीर आरोप सामने आए हैं। एक राजस्व अधिकारी की कार्यशैली के चलते नगर निगम को करोड़ों रुपए के नुकसान की बात सामने आई है। एक मीडिया की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि महाराणा प्रताप वार्ड में एक मकान, जो पिछले 5–6 सालों से दो मंजिला बना हुआ था, उसे साल 2025-26 में पोर्टल पर दर्ज किया गया। इससे निगम को वर्षों तक संपत्ति कर नहीं मिल पाया। सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि यह लिस्टिंग शनिवार-रविवार की रात 12 बजकर 25 मिनट पर की गई। लिस्टिंग रेवेन्यू इंस्पेक्टर सौरभ बिरहा द्वारा संभाग अधिकारी की आईडी से की गई। इस एक मामले से ही हजारों रुपए के टैक्स नुकसान की पुष्टि हुई है, जबकि अधिकारी के खिलाफ पहले से 7 से अधिक मामलों की जांच चल रही है। यह खुलासा नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
5..इंदौर जिले में ई-टोकन से मिलेगा खाद, किसानों को मिलेगा बड़ा फायदा:
.
इंदौर जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। अब किसानों को खाद ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। इससे उर्वरक वितरण में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित होगी। राज्य शासन के निर्देशानुसार ई-विकास प्रणाली लागू की गई है।श्र किसान अपने मोबाइल से https://etoken.mpkrishi.org पोर्टल पर जाकर आधार और ओटीपी के जरिए लॉगिन कर ई-टोकन जनरेट कर सकते हैं। पोर्टल पर किसान की कृषि भूमि, फसल और मौसम के अनुसार वैज्ञानिक आधार पर खाद की मात्रा तय होगी। किसान अपनी सुविधा से विक्रेता चुन सकता है और तीन दिन के भीतर खाद प्राप्त कर सकता है खाद वितरण के बाद किसान को SMS और WhatsApp के जरिए रसीद भी मिलेगी। अधिकारियों का कहना है कि इस प्रणाली से कालाबाजारी रुकेगी और किसानों को समय पर खाद मिलेगी।