मध्य प्रदेश की मुख्य पांच खबरें!

khabar pradhan

संवाददाता

12 January 2026

अपडेटेड: 4:39 PM 0thGMT+0530

मध्य प्रदेश की मुख्य पांच खबरें!



1..स्वामी विवेकानंद जयंती पर सीएम मोहन यादव ने शुरू किया “ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान”…

2..इंदौर में दूषित पानी से मौतों का सिलसिला जारी, मृतकों की संख्या 23 पहुंची…

3..भोपाल स्लॉटर हाउस में नया विवाद, गोमांस की पुष्टि के बाद मचा हड़कंप
3..भोपाल स्लॉटर हाउस में नया विवाद, गोमांस की पुष्टि के बाद मचा हड़कंप

4..ग्वालियर में 75 साल के बुजुर्ग से 1.12 करोड़ की डिजिटल अरेस्ट ठगी

5…IEHE भोपाल की नवाचार भरी मौजूदगी, गुलाब महोत्सव में कृषि तकनीक बनी आकर्षण…


.
मध्य प्रदेश की मुख्य पांच खबरें:
—————————————
1..स्वामी विवेकानंद जयंती पर सीएम मोहन यादव ने शुरू किया “ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान”…
.
मध्य प्रदेश सरकार की एक बड़े सामाजिक अभियान की शुरुआत की। स्वामी विवेकानंद की जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में “ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान” का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों के विकास के बिना प्रदेश और राष्ट्र का समग्र विकास संभव नहीं है… मुख्यमंत्री ने बताया कि ये अभियान 12 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा… इसके अंतर्गत ग्राम विकास पखवाड़ा मनाया जाएगा, जिसमें गांव-गांव चौपाल, रैली, सामूहिक श्रमदान, परिवार संपर्क और जनसंवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे… सीएम मोहन यादव ने कहा कि “ग्रामोदय से अभ्युदय केवल एक योजना नहीं, बल्कि भारत की आत्मा—गांवों को सशक्त करने का संकल्प है..उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की असली ताकत है और स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी मार्गदर्शक हैं… इस अभियान के चलते पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, जैविक खेती, गौ-संरक्षण, स्वदेशी और स्वावलंबन, शिक्षा और नशामुक्त समाज जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया जाएगा… ये अभियान मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के माध्यम से संचालित किया जा रहा है… परिषद की नवांकुर संस्थाएं, प्रस्फुटन समितियां, CMCLDP के विद्यार्थी, परामर्शदाता, स्वयंसेवी संस्थाएं और धार्मिक-सामाजिक संगठन इसमें सक्रिय भागीदारी करेंगे… सरकार का उद्देश्य है कि बीते दो सालों की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्रदेश की हर ग्राम पंचायत तक पहुंचे, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक मिल सके… जिला, विकासखंड, सेक्टर और ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामोत्सव आयोजित किए जाएंगे…तो कुल मिलाकर सरकार का फोकस साफ है गांव मजबूत होंगे, तभी प्रदेश सशक्त बनेगा।


2..इंदौर में दूषित पानी से मौतों का सिलसिला जारी, मृतकों की संख्या 23 पहुंची…

इंदौर में दूषित पानी पीने से मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है… सोमवार को एक और मरीज की मौत के बाद मृतकों की संख्या 23 हो गई है… ताजा मृतक की पहचान भगवानदास भरणे (64) के रूप में हुई है, जो पिछले 10 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे… पहले उन्हें निजी अस्पताल में इलाज दिया गया, बाद में बॉम्बे हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई… अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक मरीज को कार्डियक अरेस्ट, गैंग्रीन और मल्टी ऑर्गन फेल्योर की शिकायत थी… इससे पहले कमला बाई (59) की भी मौत हो चुकी है, जिन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था… कमला बाई के परिजनों का आरोप है कि वह भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी पीने से बीमार हुईं, लेकिन आधार कार्ड किसी अन्य क्षेत्र का होने के कारण इस मौत को दूषित पानी से हुई मौत के रूप में दर्ज नहीं किया गया… हालांकि अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मृतका पहले से किडनी की बीमारी से पीड़ित थीं और मामला मेडिको-लीगल नहीं था, इसलिए पोस्टमॉर्टम नहीं किया गया… वंही दूसरी तरफ हालात अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं हैं… भागीरथपुरा इलाके में लोगों में डर का माहौल है… लोग आरओ, बोतलबंद पानी और उबला हुआ पानी इस्तेमाल कर रहे हैं… आईसीयू में भर्ती मरीजों की संख्या भी बढ़कर 13 हो गई है, जबकि 3 मरीज अभी भी वेंटिलेटर पर हैं… स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 50 टीमों ने प्रभावित इलाकों में सर्वे कर 924 घरों में ORS और जिंक टैबलेट वितरित की हैं… आज OPD में भी 13 डायरिया मरीज सामने आए, जिनमें से एक को रेफर किया गया है… सवाल ये है कि इतनी मौतों के बाद भी जिम्मेदारी किसकी है? और कब मिलेगा इंदौर के लोगों को साफ और सुरक्षित पानी?




3..भोपाल स्लॉटर हाउस में नया विवाद, गोमांस की पुष्टि के बाद मचा हड़कंप।

भोपाल में  एक स्लॉटर हाउस में गोमांस मिलने के मामले में नया तूफान खड़ा हो गया है। भोपाल के जिंसी स्थित आधुनिक स्लॉटर हाउस से भेजे गए मांस के सैंपल में गोमांस की पुष्टि होने के बाद विपक्ष ने महापौर और मेयर इन कौंसिल से इस्तीफे की मांग तेज कर दी है… नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी का आरोप है कि स्लॉटर हाउस से जुड़ा प्रस्ताव नगर निगम परिषद की जानकारी के बिना मेयर इन कौंसिल में गुपचुप तरीके से पास किया गया… उन्होंने कहा कि ये न सिर्फ नगर निगम अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के भी खिलाफ है… वहीं इस पूरे मामले में नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी का भी बयान सामने आया है… उन्होंने कहा कि अभी अधिकारिक रिपोर्ट नहीं मिली है, लेकिन दोषी चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा… इस बीच बड़ा खुलासा तब हुआ, जब नगर निगम के पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी किया गया वो पत्र सामने आया, जिसके आधार पर मांस को मुंबई भेजने की अनुमति दी गई थी… पत्र में दावा किया गया था कि यह मांस 15 साल से अधिक उम्र की भैंसों का है, लेकिन पुलिस जांच में उसी खेप के सैंपल में गोमांस की पुष्टि हो गई… इतना ही नहीं, 15 और 16 दिसंबर की रात को 160 गायों के बछड़ों को स्लॉटर हाउस लाए जाने की जानकारी भी सामने आई है… इस मुद्दे पर कांग्रेस के साथ-साथ हिंदूवादी संगठनों ने भी प्रदर्शन किया है… अब बड़ा सवाल ये है कि क्या नगर निगम प्रशासन की भूमिका संदिग्ध है? क्या जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होगी? और क्या महापौर परिषद को इस्तीफा देना पड़ेगा?



4..ग्वालियर में 75 साल के बुजुर्ग से 1.12 करोड़ की डिजिटल अरेस्ट ठगी।

एक सनसनीखेज साइबर फ्रॉड की खबर…जहां ठगों ने आईपीएस और सीबीआई अधिकारी बनकर एक बुजुर्ग से 1 करोड़ 12 लाख रुपए ठग लिए… ग्वालियर के खेड़ापति कॉलोनी निवासी 75 वर्षीय बिहारी लाल गुप्ता, जो रिटायर्ड उप पंजीयक हैं, को ठगों ने डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर ठगी का शिकार बनाया… 16 नवंबर 2025 को उन्हें एक कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को TRAI अधिकारी बताया और कहा कि उनकी सिम बंद होने वाली है और गिरफ्तारी के आदेश हैं… इसके बाद वॉट्सऐप पर पुलिस की वर्दी पहने युवक ने वीडियो कॉल कर खुद को आईपीएस अधिकारी बताया और मनी लॉन्ड्रिंग केस में नाम घसीट दिया… फिर सीबीआई अधिकारी बनकर कॉल आया और कहा गया कि जांच के लिए उनकी एफडी, बैंक बैलेंस और म्यूचुअल फंड की रकम RBI के खातों में ट्रांसफर करनी होगी… डर और दबाव में आकर बुजुर्ग ने चार बार में 1.12 करोड़ रुपए ठगों के बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए… हर ट्रांजैक्शन के बाद उन्हें RBI की मुहर वाला फर्जी लेटर भेजा जाता रहा…3 जनवरी को आखिरी ट्रांजैक्शन के बाद, जब उन्होंने डिजिटल अरेस्ट से सावधान रहने वाला वीडियो देखा, तब जाकर उन्हें ठगी का अहसास हुआ… अब क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है… ये मामला एक बार फिर चेतावनी देता है कि डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई चीज नहीं होती… सतर्क रहें, सुरक्षित रहें…



5…IEHE भोपाल की नवाचार भरी मौजूदगी, गुलाब महोत्सव में कृषि तकनीक बनी आकर्षण…
भोपाल के गुलाब उद्यान में आयोजित अखिल भारतीय गुलाब प्रदर्शनी एवं गुलाब महोत्सव प्रतियोगिता में इस बार खास आकर्षण बना उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान यानी IEHE भोपाल का कृषि विभाग… संस्थान द्वारा लगाए गए स्टॉल ने यह साबित कर दिया कि अगर शैक्षणिक संस्थान नवाचार और तकनीक को किसानों से जोड़ें, तो खेती का भविष्य बदला जा सकता है…IEHE भोपाल के कृषि विभाग की कंसल्टेंसी टीम ने अपने स्टॉल के माध्यम से आधुनिक, वैज्ञानिक और पर्यावरण अनुकूल कृषि उत्पादों का प्रदर्शन किया… यहां सिंदूर, शहद सरसों यानी हनी मस्टर्ड, जीवामृत, बीजामृत, जैविक लड्डू, साथ ही रीसायकल कागज से बने बुकमार्क और शुभकामना पत्र लोगों के बीच खासे लोकप्रिय रहे… इन उत्पादों ने जैविक खेती और टिकाऊ कृषि की सोच को मजबूती दी…लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान खींचा AI आधारित मोबाइल एप्लिकेशन ‘फसल केयर’ ने… ये एप किसानों को अपनी फसल की पत्ती की फोटो लेकर रोग की पहचान करने और तुरंत सटीक कृषि सलाह पाने की सुविधा देता है… मध्यप्रदेश की प्रमुख फसलों पर केंद्रित यह एप फसल नुकसान कम करने में बेहद उपयोगी साबित हो रहा है… विशेषज्ञों से लेकर आम नागरिकों तक, सभी ने इस एप की सराहना की…इसके साथ ही IEHE भोपाल के कृषि विभाग ने कट फ्लावर प्रतियोगिता में भी सहभागिता कर उद्यानिकी और पुष्प उत्पादन में अपनी दक्षता का परिचय दिया…कुल मिलाकर गुलाब महोत्सव में IEHE भोपाल की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि संस्थान का कृषि विभाग तकनीक-संचालित, किसानोन्मुख और भविष्य-उन्मुख कृषि विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

टिप्पणियां (0)