पश्चिम बंगाल में SIR को लेकर हालत हुए तनावपूर्ण:
संवाददाता
20 January 2026
अपडेटेड: 10:14 PM 0thGMT+0530
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना से बड़ी खबर निकल कर आ रही है।
दरअसल,जहां एसआईआर को लेकर हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। दक्षिण 24 परगना जिले के ढोलाहाट थाना क्षेत्र के मादरपाड़ा इलाके में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे मतदाताओं के एक वर्ग ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया, जिसके चलते ढोलाहाट–रामगंगा रोड पूरी तरह जाम हो गया। इस सड़क जाम का असर पूरे इलाके में देखने को मिला। सुबह से ही स्कूल जाने वाले बच्चे, ऑफिस जाने वाले कर्मचारी और मालवाहक वाहन घंटों जाम में फंसे रहे। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि एसआईआर के नाम पर उनसे अनावश्यक दस्तावेज मांगे जा रहे हैं, और सुनवाई के दौरान उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है।
लोगों का कहना है कि उन पर बेवजह दबाव बनाया जा रहा है, जिससे आम मतदाता परेशान हैं। सूचना मिलने के बाद ढोलाहाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर सड़क जाम हटाने की कोशिश की। हालांकि इलाके में अब भी तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, लेकिन पुलिस का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।
वंही दूसरी तरफ, इस पूरे मामले पर तृणमूल कांग्रेस के सांसद और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
उत्तर 24 परगना के बारासात में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि भाजपा राजनीतिक तौर पर मुकाबला नहीं कर पा रही है, इसलिए चुनाव आयोग और केंद्रीय एजेंसियों का सहारा लेकर चुनाव जीतना चाहती है। अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि एसआईआर को लेकर तृणमूल कांग्रेस की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है, और अदालत ने तृणमूल के तर्कों को स्वीकार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि 1.25 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाने की साजिश रची गई थी, लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद चुनाव आयोग को ग्राम स्तर पर मतदाताओं की सूची जारी करनी होगी। फिलहाल, एसआईआर को लेकर राज्य की सियासत गरमा गई है और आने वाले दिनों में इस पर टकराव और तेज होने के आसार हैं…