पाकिस्तान के डिप्टी पीएम इशाक डार का विवादित बयान
संवाददाता
25 April 2025
अपडेटेड: 12:18 PM 0thGMT+0530
पाकिस्तान के डिप्टी पीएम इशाक डार का विवादित बयान
पहलगाम हमले के आतंकियों को बताया ‘स्वतंत्रता सेनानी’
पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के दोषियों को ‘स्वतंत्रता सेनानी’ करार देकर नया विवाद खड़ा कर दिया है। डार ने अपने बयान में कहा, “हमें शुक्रगुजार होना चाहिए कि ये लोग स्वतंत्रता सेनानी भी हो सकते हैं।” उन्होंने यह भी दावा किया कि भारत अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए पाकिस्तान पर इल्जाम लगा रहा है। इस बयान ने भारत में तीखी प्रतिक्रियाएं उकसाई हैं।
पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले में कई लोगों की जान गई थी, जिसके बाद भारत ने इसे पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का हिस्सा बताया था। डार ने अपने बयान में न केवल हमलावरों का बचाव किया, बल्कि भारत के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पाकिस्तान के 24 करोड़ लोगों को पानी की जरूरत है और इसे रोकना युद्ध की कार्रवाई के समान है।
भारत ने डार के इस बयान की कड़ी निंदा की है। सोशल मीडिया पर लोग इसे पाकिस्तान की आतंकवाद के प्रति ढीली नीति और भारत के खिलाफ उसकी शत्रुतापूर्ण मानसिकता का सबूत बता रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “ऐसे बयान पाकिस्तान की मंशा को उजागर करते हैं। आतंकियों को समर्थन देना उनकी पुरानी आदत है।”
यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत ने अवैध रूप से रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने की प्रक्रिया तेज कर दी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्रियों को इस दिशा में सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। डार का यह बयान दोनों देशों के बीच तनाव को और बढ़ा सकता है।