अक्टूबर माह में गुलाब के पौधें की कैसे करें सही देखभाल, जिससे फूलों से लद जायें पौधा
संवाददाता
8 October 2025
अपडेटेड: 1:24 PM 0thGMT+0530
8 अक्टूबर 2025 : अक्टूबर माह एक ऐसा माह होता है, जिसमें बारिश का मौसम खत्म हो चुका होता है। बारिश के बाद हमें अपने पौधों की खास देखभाल की जरूरत होती है।
यदि हम बात करें गुलाब के पौधों की–तो गुलाब के पौधों की देखभाल के लिए ये सबसे सही समय है। अगर हम इस समय पौधों का सही ध्यान रखेंगे, तो नवंबर से लेकर फरवरी–मार्च तक हमारा गुलाब का पौधा फूलों से लद जाएगा।
आईए जानते हैं हमें क्या-क्या करना होगा!
- प्रूनिंग या छंटाई करें :
सबसे पहले हमें सूखी, पुरानी और रोगग्रस्त टहनियों को काटना होगा। पौधे को लगभग 4 से 5 इंच छोटा कर दें। जिससे नई शाखाएँ निकलेंगी और उन शाखाओं पर ज्यादा फूल खिलेंगे। प्रूनिंग से या पौधे की छंटाई करने से पौधा हरा-भरा और घना बनता है। - अब छंटाई के बाद इसमें खाद डालें (Fertilizer) :
गुलाब के पौधे को किस तरह की खाद की जरूरत होती है -आईए जानते हैं!
गुलाब के पौधे को पोषण देने के लिए जैविक और पोषक तत्वों का संतुलन बहुत जरूरी है। हर पौधे के लिए कम से कम 2 मुट्ठी गोबर की सड़ी हुई खाद या वर्मी कम्पोस्ट डालें। बारिश के बाद पौधे में कीड़े मकोड़े और फंगस का खतरा बढ़ जाता है । कीट और फफूंद से बचाने के लिए 2 बड़े चम्मच नीम की खली पाउडर का इस्तेमाल करें।
अब 1 मुट्ठी राख डालें । राख से पौधे को पोषण मिलता है और फंगस का खतरा भी नहीं रहता। इस पौधे में फूल अधिक मात्रा में आते हैं। राख डालने के बाद मिट्टी को हल्का पानी दें।
- तरल खाद (Liquid Fertilizer) :
पौधों में फूलों की संख्या बढ़ाने के लिए पौधे का खास ख्याल रखना पड़ता है। जिससे पौधे कुपोषण पर्याप्त मिलता रहे।
पौधे को ताकत और फूलों की बढ़त देने के लिए हर 15 दिन में एक बार तरल या liquid खाद दें। इसके लिए केले के छिलके का लिक्विड फर्टिलाइजर या 2 चम्मच खट्टी छाछ को 1 लीटर पानी में घोलकर डाल सकते हैं। केले के छिलके में पोटेशियम फॉस्फोरस और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व होते हैं इससे पौधे को पोषण मिलता है और फूल वाले पौधों के लिए यह जरूरी होता है।
इससे पौधा जल्दी पोषित होता है और फूलों की संख्या बढ़ती है। - पानी (Watering) : पानी का रखें ध्यान:
गुलाब के पौधे को रोज हल्का पानी दें, लेकिन ध्यान रहे कि मिट्टी में पानी जमा न हो। पानी हमेशा सुबह या शाम को ही दें। इससे पौधे स्वस्थ रहते हैं और फूल सुंदर बनते हैं। इस बात का ध्यान रखें की गमले की मिट्टी में पानी जमा न होने पाए मिट्टी हल्की गीली होना चाहिए । - कीट और फफूंद से बचाव या नियंत्रण : गुलाब के पौधे की पत्तियों में कभी-कभी ब्लैक स्पॉट जैसा दिखाई देने लगता है
पत्तियों पर ब्लैक स्पॉट या सफेद पाउडर जैसी बीमारियों से बचाने के लिए नीम तेल का छिड़काव करें । इसके लिए (5 मिली० नीम तेल + 1 लीटर पानी + 5 बूंद शैम्पू) । इसे मिक्स कर पौधे पर स्प्रे करें । यदि ब्लैक स्पॉट ज्यादा है तो हर 10 दिन में पुनः इस्तेमाल करें। इसके अलावा लहसुन का घोल या हल्दी का स्प्रे भी बहुत असरदार होता हैं। - धूप (Sunlight) : धूप का रखे ख्याल:
गुलाब को कम से कम 6 से 7 घंटे की धूप जरूर दें। धूप जितनी अच्छी मिलेगी, फूल उतने ज्यादा और सुंदर और बड़े खिलेंगे।
अगर आप अक्टूबर माह में इन सभी टिप्स को अपनाएंगे और अपने पौधों का ख्याल रखेंगे तो आपका गुलाब का पौधा सर्दियों में फूलों से भर जाएगा और आपके बगीचे में रंग , रौनक और खुशबू की भरमार होगी।