हैदराबाद में ISIS से जुड़े दो संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, बम धमाके की बड़ी साजिश नाकाम

khabar pradhan

संवाददाता

19 May 2025

अपडेटेड: 7:14 AM 0thGMT+0530

हैदराबाद में ISIS से जुड़े दो संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, बम धमाके की बड़ी साजिश नाकाम

हैदराबाद में ISIS से जुड़े दो संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, बम धमाके की बड़ी साजिश नाकाम

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन में आतंकी संगठन ISIS से जुड़े दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार कर एक बड़े बम धमाके की साजिश को नाकाम कर दिया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सिराज उर रहमान (29) और सैयद समीर (28) के रूप में हुई है. पुलिस का दावा है कि दोनों संदिग्धों को सऊदी अरब में एक्टिव ISIS मॉड्यूल से निर्देश मिल रहे थे.
आतंकियों के पास से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है, जिसमें अमोनिया, सल्फर और एल्युमिनियम पाउडर शामिल हैं. सिराज ने यह सामग्री आंध्र प्रदेश के विजयनगरम से जुटाई थी. दोनों को कोर्ट में जल्द ही पेश किया जाएगा और पूछताछ जारी है.

विस्फोटक सामग्री के साथ पकड़े गए आरोपी, सिराज और समीर को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया
इस ऑपरेशन को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की काउंटर इंटेलिजेंस सेल ने मिलकर अंजाम दिया. सबसे पहले पुलिस ने सिराज उर रहमान को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम से गिरफ्तार किया. प्रारंभिक पूछताछ में सिराज ने समीर के नाम का खुलासा किया, जिसके बाद सैयद समीर को हैदराबाद से पकड़ा गया.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह मॉड्यूल किसी बड़े आतंकी हमले की योजना बना रहा था. समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ा हादसा टल गया. अधिकारियों ने आम जनता से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की है.

ISIS से जुड़े मॉड्यूल पर NIA की लगातार कार्रवाई, देश के कई शहरों में गिरफ्तारियां
इससे पहले भी देश में ISIS से जुड़े कई मामलों में गिरफ्तारी हो चुकी है. 1 मार्च को कर्नाटक के बेंगलुरु में फेमस रामेश्वरम कैफे में IED ब्लास्ट हुआ था, जिसमें 10 लोग घायल हुए थे. जांच में यह सामने आया कि इस हमले के पीछे भी ISIS की साजिश थी. इसके बाद NIA ने चेन्नई के सिद्दरपेट और बिडयार में छापेमारी कर 5 लोगों को हिरासत में लिया था.
17 मई को NIA ने मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दो आतंकियों – अब्दुल्ला फैयाज शेख और तल्हा खान – को गिरफ्तार किया. दोनों आतंकी संगठन ISIS के स्लीपर सेल से जुड़े थे और 2023 में मुंबई में IED बनाने के एक मामले में फरार चल रहे थे. वे पिछले दो सालों से इंडोनेशिया के जकार्ता में छिपे हुए थे. गिरफ्तारी के बाद उन्हें विशेष NIA अदालत में पेश किया गया.
इन सभी घटनाओं से स्पष्ट है कि भारत में ISIS अपनी मौजूदगी बनाए रखने की कोशिश कर रहा है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता से बार-बार उसकी साजिशें नाकाम हो रही हैं.

टिप्पणियां (0)