IBPS भर्ती घोटाला : परीक्षा में दूसरे को बैठाकर बैंक अफसर बनने का खुलासा

khabar pradhan

संवाददाता

25 February 2026

अपडेटेड: 12:26 PM 0thGMT+0530

सीबीआई की कार्रवाई में बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर
ग्रामीण बैंक भर्ती परीक्षा से जुड़े बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। सीबीआई ने आईबीपीएस के जरिए हुई परीक्षा में सॉल्वर बैठाकर बैंक अफसर बनने के मामले में 14 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जांच में सामने आया कि उम्मीदवारों की जगह दूसरे लोगों को परीक्षा में बैठाया गया, जिससे चयन प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं।

बायोमेट्रिक जांच में खुली पोल
आईबीपीएस के अनुसार, चयनित 14 अभ्यर्थियों का दोबारा बायोमेट्रिक सत्यापन कराया गया। इस दौरान परीक्षा में बैठे अभ्यर्थियों और नौकरी ज्वॉइन करने वालों के बायोमेट्रिक डाटा में अंतर मिला। आंख की पुतली, अंगुलियों के निशान और फोटो का मिलान नहीं हुआ, जिससे धोखाधड़ी की पुष्टि हुई।

तीन राज्यों में 14 ठिकानों पर छापेमारी
एफआईआर दर्ज होने के बाद सीबीआई ने राजस्थान, बिहार और उत्तर प्रदेश के 14 स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान आधार कार्ड अपडेट से जुड़ी रसीदें और कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए। जांच एजेंसी को शक है कि बायोमेट्रिक और फोटो अपडेट कर पहचान बदलने की साजिश रची गई थी।

भर्ती प्रक्रिया में संगठित गिरोह की आशंका
जांच एजेंसियों का मानना है कि यह एक संगठित रैकेट का हिस्सा हो सकता है, जो परीक्षा में सॉल्वर बैठाकर उम्मीदवारों को नौकरी दिलाने का काम करता था। इस मामले में बैंक अधिकारियों की भूमिका और अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है l
इस घटना के सामने आने के बाद भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि बायोमेट्रिक सिस्टम को और मजबूत बनाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

टिप्पणियां (0)