9 सितंबर 2025: मध्य प्रदेश में एक बार फिर मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है… सीएम डॉ. मोहन यादव ने मंत्रियों और विधायकों से वन टू वन चर्चा करने का प्लान बनाया है, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है और अंदाजा लगाया जा रहा है कि क्या मंत्रिमंडल विस्तार की रूपरेखा तैयार होना शुरू हो गई है. क्योंकि पिछले 20 महीनों में मंत्रियों और विधायकों के रिपोर्ट कार्ड देखे जा रहे हैं…औऱ इस रिपोर्ट कार्ड के आधार पर ही आगामी मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारियां भी हो सकती है. मध्य प्रदेश मंत्रिमंडल में वर्तमान में लगभग 4 पद खाली हैं, ऐसे में इन पदों को भरने की मांग भी अक्सर चर्चा में रहती है. ऐसे में हर मंत्री के विभागीय कामकाज के साथ साथ विधायकों का भी रिपोर्ट कार्ड चेक किया जाएगा ताकि उनका विकास कार्य और जनसेवा दोनों को परखा जा सकें. ऐसा इसलिए भी है क्योंकि प्रदेश में हाल के दिनों में कुछ ऐसे मामले आए हैं, जहां विधायकों और प्रशासनिक स्तर पर समन्वय और सामंजस्य की कमी भी देखी गई. माना जा रहा है कि मंत्रियों से चर्चा के बाद ही उनका रिपोर्ट कार्ड तैयार होगा, अगर किसी का रिपोर्ट कार्ड कमजोर पाया गया तो उनका भविष्य भी दांव पर हो सकता है, इसलिए सीएम मोहन यादव ऐसे मंत्रियों से सीधे संवाद करेंगे ताकि उनके प्रदर्शन में सुधार के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकें. वहीं राजनीतिक समीकरणों के साथ-साथ क्षमता और जवाबदेही को भी महत्व दिया जाएगा. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अगले माह अक्टूबर से सीएम मोहन यादव मंत्रियों के साथ व्यक्तिगत बैठकें शुरू करेंगे, जिनमें उपलब्धियां और चुनौतियां और सुझाव भी होंगे. विभागों की पूरी जानकारी में अब तक क्या-क्या काम हुआ इस पर भी चर्चा होगी. इसके बाद ही अंतिम रूप से मंत्रिमंडल विस्तार की रूपरेखा तय होगी. बताया जा रहा है कि सीएम मोहन यादव ने स्पष्ट कर दिया है कि अब कामकाज पर सख्ती होगी.
Madhya Pradesh : मोहन सरकार में मंत्रिमंडल का हो सकता है विस्तार


Leave a Reply