बालाघाट पहुंचे मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने दी चेतावनी !
संवाददाता
13 May 2025
अपडेटेड: 11:36 AM 0thGMT+0530
मप्र की धरती पर नहीं बचेंगे नक्सली, सरेंडर करें, नहीं तो मारे जाएंगे !
बालाघाट पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मप्र की धरती पर अब नक्सली नहीं बचेंगे। नक्सली या तो सरेंडर कर दें, नहीं तो वे मारे जाएंगे। प्रदेश की धरती पर नक्सली खूनी खेल अब नहीं चलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्च 2026 तक, देश से नक्सलवाद के खात्मे का संकल्प लिया है। मप्र सरकार केंद्र के साथ मिलकर इसे पूरा कर रही है। सीएम डॉ मोहन यादव ने नक्सल अभियानों में शामिल रहे 64 पुलिस अफसर और जवानों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन देते हुए यह बात कही।
बालाघाट के लांजी में सोमवार को सीएम ने खुद अपने हाथ से पुलिस अफसरों के कंधों पर पदोन्नति के स्टार लगाए। पुलिसकर्मियों का हौसला बढ़ाते हुए सीएम ने कहा कि बालाघाट कभी देश के घोर नक्सल प्रभावित 12 जिलों में शामिल था, लेकिन अब यह गंभीर समस्या वाली श्रेणी से बाहर हो गया है। राज्य सरकार अब मप्र पुलिस को आधुनिक हथियार और तकनीक न भी लैस कर रही है। सीएम ने नक्सल अभियानों में सर्वोच्च बलिदान देने वाले 37 शहीद पुलिसकर्मियों को नमन किया।
सीएम ने कहा कि पीएम जनमन अभियान में देश में पहली सड़क बालाघाट में बन रही है, जो 23 किलोमीटर लंबी है। इस अवसर पर सीएम ने बालाघाट में नए आयुर्वेदिक कॉलेज के निर्माण समेत 169 करोड़ लागत के 93 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। लांजी में 300 साल पुरानी ऐतिहासिक बावड़ी का जीर्णोद्धार के बाद लोकार्पण किया।
- इस अवसर पर सीएम यादव और डीजीपी मकवाणा ने पुलिस अफसरों के कंधों पर पदोन्नति के स्टार भी लगाये।
कार्यक्रम में डीजीपी कैलाश मकवाणा ने सीएम की मौजूदगी में कहा कि पुलिस विभाग में जल्द ही 8500 पदों पर भर्तियां शुरू होंगी। राज्य सरकार ने इन पदों को मंजूरी दे दी है। इनमें 7500 पद सिपाहियों के, 500 पद सब इंस्पेक्टर और 500 पद ऑफिस स्टाफ के हैं