आज मोहन यादव पहुंचें बालाघाट- शहीदों को दी श्रद्धांजलि
संवाददाता
9 February 2026
अपडेटेड: 7:28 PM 0thGMT+0530
पुलिस लाइन में शहीद स्मारक पर पहुंचकर शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि: 100 करोड़ से अधिक विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज बालाघाट जिले में आयोजित मध्य प्रदेश पुलिस क्रम से पूर्व पदोन्नति अलंकरण समारोह में सहभागिता कर क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए 100 करोड़ से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने नक्सल विरोधी अभियान पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया।
और बालाघाट जिले के पुलिस थानों और प्रतिष्ठानों को आईएसओ प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए बधाइयां दी और शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों द्वारा नक्सली मुक्त मध्य प्रदेश के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का अभिनंदन भी किया गया।
सबसे पहले मुख्यमंत्री आज सोमवार को हेलीकॉप्टर से सीधे बालाघाट पहुंचे । जहां पुलिस लाइन में शहीद स्मारक पर पहुंचकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की । इसके बाद पूर्व पदोन्नति कार्यक्रम में शामिल हुए। जहां हॉक फोर्स के साथ जवानों को आउट आफ टर्न प्रमोशन भी दिया।
इसके अलावा बालाघाट जिले को 100 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद को बताया सबसे बड़ी बीमारी कैंसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वे पहली बार बालाघाट आए थे तो उन्होंने इस जिले में वन, खनिज और संपदा से भरपूर प्रकृति को देखा था । किंतु 35 सालों से नक्सलवाद कैंसर जैसी बीमारी ने बालाघाट का माहौल खराब कर दियाथा।
किंतु अब ‘लाल सलाम’ को आखरी सलाम करने का संकल्प लिया गया। और बालाघाट को नक्सली मुक्त कराया गया । पहले सभी बालाघाट आने से डरते थे ,किंतु अधिकारी, व्यापारी ,वीर जवानों ने अपनी शहादत देकर असंभव को संभव बनाया है।
उन्होंने लिखीराम कावरे की हत्या का भी जिक्र किया। और
याद दिलाया कि नक्सलियों के मंसूबे इतनी हावी हो गए थे कि उन्होंने मंत्री की हत्या करने में भी संकोच नहीं किया। किंतु नक्सलवाद खत्म हुआ और हमारा बदला भी पूरा हुआ।
इस नक्सलवाद की घटना में अब तक शहीद होने वाले 38 वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान की याद को ताजा किया।
उन्होंने बताया कि 38 पुलिस जवान के साथ-साथ 27 आम नागरिक भी नक्सलवाद की भेंट चढ़ गए।
यहां लगभग 4104 नक्सल आपरेशन किए गए। यहां तक की खराब मौसम में भी ऑपरेशन नहीं रुके और साल 2025 में ही सबसे अधिक 10 हार्ड कोर नक्सलियों को ढेर किया गया। अब नक्सलियों को पनपने की कोई जगह नहीं है।

जवानों को आउट ऑफ टर्न पदोन्नति प्रदान की
मुख्यमंत्री ने इस साहसिक अभियान कार्यक्रम में हॉक फोर्स के साथ जवानों को आउट ऑफ टर्न पदोन्नति प्रदान की।
इन जवानों ने पहाड़ी जंगल में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में अदम्य साहस और शौर्य का परिचय दिया था।
और प्रतिबंधित माओवादी के मलाजखंड दलम के पांच नक्सलियों को मार गिराया था।
यह पदोन्नति प्राप्त करने वाले जवान हैं -विपिन चंद्र खालको शुभम प्रताप सिंह तोमर, रत्नेश मीणा, मनोज कुमार यादव ,प्रदीप कुमार परते, सुनील सिंह कुशवाहा सहित 60 अन्य जवान शामिल है।
इस पदोन्नति के सम्मान से सुरक्षा बलों के जवानों का मनोबल और अधिक बढ़ने की उम्मीद है । इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जवानों के साथ भोजन भी किया।
विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बालाघाट सिटी को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। उन्होंने कुल 100 करोड़ 90 लाख रुपए की लागत के 27 विकास कार्यों का लोकार्पण किया साथ ही भूमि पूजन भी किया।
इनमें 31 करोड़ 7 लाख के सात विकास कार्यों का भूमि पूजन और 69 करोड़ 83 लाख के 20 विकास कार्यों के लोकार्पण कार्य शामिल है।
मुख्यमंत्री के बालाघाट आगमन से जिले में नई विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने यह भी ऐलान किया कि कृषि कल्याण वर्ष के आधार पर इस बालाघाट क्षेत्र में अगली कृषि कैबिनेट की बैठक की जाएगी।
