ट्रेन से 15 लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हुए चोर
संवाददाता
11 February 2026
अपडेटेड: 4:43 PM 0thGMT+0530
श्रीधाम एक्सप्रेस के आरक्षित कोच में यात्रा कर रहे एक विवाहित जोड़े के साथ चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने ट्रेन में सफर कर रहे परिवार को निशाना बनाते हुए करीब 15 लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली।
जानकारी के अनुसार, नरसिंहपुर जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र में रहने वाली रितिका जाट अपने पति पदम जाट (34) के साथ यात्रा कर रही थीं। वे नेशनल थर्मल पावर प्लांट के अस्पताल में नर्स हैं। रितिका जाट ने सोमवार को चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
बताया गया कि रितिका जाट 1 फरवरी को देवरा गांव में जोगिंदर जाट की शादी में शामिल हुई थीं। शादी के बाद वे परिवार के साथ श्रीधाम एक्सप्रेस के एस-8 कोच में मथुरा जंक्शन से गाडरवारा जाने के लिए रवाना हुईं। उनकी नींद विंध्य स्टेशन तक खुली रही, इसी दौरान झपकी लगने पर चोरी की वारदात हो गई।
जब ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन पहुंची तो उनकी नींद खुली और उन्होंने देखा कि उनका लेडीज पर्स गायब था। पर्स में लगभग सात तोला सोने के जेवरात, 15 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन रखा हुआ था।
पुलिस ने चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब 4 लाख 85 हजार रुपये से अधिक बताई है। चोरी गए जेवरातों में टॉप सेट (साढ़े चार तोला), एक जोड़ी टॉप (चार तोला), पांच अंगूठियां (दो तोला), एक चेन (एक तोला) और सोने के कान (तीन तोला) शामिल हैं।
पीड़ित परिवार ने सोमवार को गाडरवारा स्टेशन पर उतरकर जीआरपी में मामला दर्ज कराया। इसके बाद मंगलवार को केस डायरी रानी कमलापति जीआरपी को भेजी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।