भोपाल BHEL में भीषण आग और ऑयल टैंकों में विस्फोट
संवाददाता
24 April 2025
अपडेटेड: 12:09 PM 0thGMT+0530
भोपाल BHEL में भीषण आग और ऑयल टैंकों में विस्फोट
15 किमी तक फैला धुआं, 8 फायर ब्रिगेड मौके पर
भोपाल के भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) परिसर में गुरुवार को भीषण आग लग गई। आग ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में जमा कचरे से शुरू हुई और तेजी से फैलकर ऑयल टैंकों तक पहुंच गई। इसके बाद टैंकों में हुए विस्फोटों से स्थिति और गंभीर हो गई। आग की लपटें 20 फीट तक ऊंची उठीं, और धुआं 15 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया। आग बुझाने के लिए 8 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर तैनात हैं, जो आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हैं। कई घंटों की मशक्कत के बाद भी आग पूरी तरह नियंत्रण में नहीं आई है। इस दौरान हजारों पेड़ जलकर राख हो गए, जिससे पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय प्रशासन और BHEL प्रबंधन ने सुरक्षा के लिए परिसर के आसपास के क्षेत्रों को खाली कराया है। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन आग की वजह से इलाके में हड़कंप मच गया। दमकलकर्मी और स्थानीय पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में लगे हैं।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कचरे में आग लगने से यह हादसा हुआ, लेकिन ऑयल टैंकों तक आग के पहुंचने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है