13 अप्रैल 2026
भोपाल:
राजधानी भोपाल के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक एमपी नगर जोन-2 में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक बिजली के ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि उसकी चपेट में पास खड़ी एक एसयूवी कार भी आ गई और देखते ही देखते कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
50 फीट ऊंची उठीं आग की लपटें
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब 10:35 बजे ज्योति टॉकीज चौराहे के पास स्थित एक ट्रांसफार्मर में पहले तेज स्पार्किंग हुई और फिर एक जोरदार धमाका हुआ। ट्रांसफार्मर में मौजूद तेल के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और उसकी लपटें करीब 50 फीट ऊंचाई तक उठने लगीं। आग की गर्मी और धुएं से आसपास की बिल्डिंगों की ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोग घबरा गए और इलाके में दहशत फैल गई।
पास खड़ी एसयूवी बनी आग का गोला
ट्रांसफार्मर से महज 10 फीट की दूरी पर खड़ी एक एसयूवी कार इस आग की सीधी चपेट में आ गई। जब तक कोई कुछ समझ पाता, कार आग का गोला बन चुकी थी। आग की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पास की बिल्डिंग का मुख्य दरवाजा भी बुरी तरह झुलस गया। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, जब तक दमकल कर्मी पहुंचते, कार पूरी तरह जल चुकी थी।
जनपद अध्यक्ष की बताई जा रही कार
चर्चा है कि जली हुई कार औबेदुल्लागंज जनपद अध्यक्ष से जुड़ी है, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हैरानी की बात यह है कि जली हुई कार पर सायरन लगा था लेकिन उसकी नंबर प्लेट गायब थी। बताया जा रहा है कि यह कार सेकंड हैंड खरीदी गई थी। गनीमत यह रही कि इस पूरे हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
एमपी नगर थाना पुलिस और बिजली कंपनी की टीम अब इस मामले की जांच कर रही है कि शॉर्ट सर्किट की मुख्य वजह क्या थी और वहां वाहन पार्किंग को लेकर क्या नियम थे। इस घटना के बाद इलाके की बिजली सप्लाई भी कुछ समय के लिए बाधित रही।


Leave a Reply