NEET UG 2026: आवेदन में सुधार का मौका, 14 मार्च तक कर सकेंगे बदलाव
संवाददाता
13 March 2026
अपडेटेड: 2:56 PM 0thGMT+0530
13 मार्च 2026
भोपाल। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को फॉर्म में सुधार करने का अवसर दिया है। उम्मीदवार 12 मार्च से लेकर 14 मार्च रात 11:50 बजे तक अपने आवेदन पत्र में जरूरी बदलाव कर सकते हैं।
इसके लिए अभ्यर्थियों को एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन में दर्ज जानकारी को जांचने और आवश्यक सुधार करने की सलाह दी गई है, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि परीक्षा प्रक्रिया में परेशानी न बने।
एनटीए के अनुसार अभ्यर्थी पिता या माता के नाम, उनकी योग्यता और पेशे से संबंधित जानकारी में से किसी एक में बदलाव कर सकते हैं। इसके अलावा शैक्षणिक योग्यता, राज्य या केंद्र शासित प्रदेश, कैटेगरी, सब कैटेगरी, हस्ताक्षर और NEET UG के प्रयासों की संख्या में भी संशोधन किया जा सकता है।
बता दें कि पहले आवेदन की अंतिम तारीख 8 मार्च तय की गई थी, जिसे बढ़ाकर 11 मार्च कर दिया गया था। वहीं करेक्शन विंडो पहले 10 से 12 मार्च तक सक्रिय रहने वाली थी, लेकिन बाद में इसमें बदलाव करते हुए नई तारीखें घोषित की गईं।
एनटीए ने अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन पत्र की जानकारी जांचने और जरूरी सुधार करने की अपील की है, ताकि परीक्षा से जुड़ी किसी भी तरह की दिक्कत से बचा जा सके।