Operation Sindoor के बाद PM Modi की बीकानेर में पहली जनसभा…

khabar pradhan

संवाददाता

22 May 2025

अपडेटेड: 8:43 AM 0ndGMT+0530

Operation Sindoor के बाद PM Modi की बीकानेर में पहली जनसभा…

PM Modi's first public meeting in Bikaner after Operation Sindoor:

पाकिस्तान को चेतावनी, विकास परियोजनाओं की सौगात

ऑपरेशन सिंदूर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार राजस्थान के बीकानेर जिले का दौरा किया और देशनोक के पलाना में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि भारत अब आतंकवादियों की किसी भी हरकत का मुंहतोड़ जवाब देगा. मोदी ने स्पष्ट कहा कि जो भारतियों के खून से खेलेंगे, उन्हें मिट्टी में मिला दिया जाएगा.

आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई:
प्रधानमंत्री ने 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि उसके बाद सरकार ने तीनों सेनाओं को खुली छूट दी थी. इसके बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत महज 22 मिनट में आतंकवादियों के नौ सबसे बड़े ठिकानों को ध्वस्त कर दिया. उन्होंने कहा, “जो सिंदूर मिटाने निकले थे, उन्हें मिट्टी में मिला दिया गया है.”
मोदी ने पाकिस्तान को चेताते हुए कहा, “अब भारत आतंकवादियों के आकाओं और उन्हें पनाह देने वालों को अलग-अलग नहीं देखेगा. पाकिस्तान के स्टेट और नॉन-स्टेट एक्टरों का खेल अब नहीं चलेगा.”


सीमावर्ती क्षेत्र से सीधा संदेश:

बीकानेर के पलाना से यह संदेश देना रणनीतिक रूप से अहम रहा, क्योंकि यह इलाका पाकिस्तान सीमा के पास है. पीएम मोदी ने कहा, “पाकिस्तान ने बीकानेर के नाल एयरबेस को निशाना बनाने की कोशिश की थी, लेकिन वह असफल रहा. वहीं रहीमयार खान एयरबेस आईसीयू में पड़ा है.”
उन्होंने कहा कि अब पाकिस्तान से बात सिर्फ POK और आतंकवाद पर ही होगी. भारत अपने हिस्से का पानी पाकिस्तान को नहीं देगा और आतंक के हर प्रायोजक को कीमत चुकानी पड़ेगी..


विकास की नई रफ्तार:
प्रधानमंत्री मोदी ने बीकानेर से देश के 103 रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया और बीकानेर-बांद्रा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई. इसके साथ ही 26 हजार करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया.
मोदी ने बताया कि केंद्र सरकार राजस्थान में रेलवे विकास पर करीब 10 हजार करोड़ रुपए खर्च कर रही है, जो 2014 की तुलना में 15 गुना अधिक है. उन्होंने कहा कि देशभर में 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों को ‘अमृत भारत स्टेशन’ योजना के तहत आधुनिक बनाया जा रहा है..


पानी और परिवहन पर विशेष ध्यान:
राजस्थान की जल समस्या पर बोलते हुए पीएम मोदी ने पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी लिंक परियोजना का उल्लेख किया, जिससे राज्य के किसानों को लाभ होगा. उन्होंने बताया कि अमृतसर-जामनगर सिक्स लेन इकोनॉमिक कॉरिडोर राजस्थान के औद्योगिक विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा.


भजनलाल शर्मा ने बताया डेढ़ लाख करोड़ का कार्य:
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए बताया कि राज्य में डेढ़ लाख करोड़ रुपये के कार्य पूरे हो चुके हैं. दुर्गम क्षेत्रों में पानी पहुंचाया गया है और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सीमावर्ती इलाकों में लोगों में अभूतपूर्व जोश देखने को मिला..


सामाजिक समरसता और संस्कृति को सम्मान:
सभा में एक विशेष क्षण तब आया जब स्वयं सहायता समूह से जुड़ी एक महिला ने प्रधानमंत्री को बैलगाड़ी का मॉडल भेंट किया और उनके पैर छूने की कोशिश की. प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें रोकते हुए स्वयं प्रणाम किया, जिससे सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति का सजीव उदाहरण प्रस्तुत हुआ.

टिप्पणियां (0)