हजारों के बैंक चालान को लाखों का बना कर गोदाम से उठे शराब !

khabar pradhan

संवाददाता

29 April 2025

अपडेटेड: 12:26 PM 0thGMT+0530

हजारों के बैंक चालान को लाखों का बना कर गोदाम से उठे शराब !

हजारों के बैंक चालान को लाखों का बना कर गोदाम से उठे शराब!

शराब ठेकेदारों के 18 ठिकानों पर ईडी का छापा, 49.42 करोड़ के राजस्व नुकसान का आरोप!

भोपाल-इंदौर, मंदसौर में छापे, आबकारी के कई अफसर भी रडार पर!
_———————————————————–

भोपाल/इंदौर. वर्ष 2017 में सामने आए आबकारी घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) सक्रिय हो गई। फर्जी बैंक चालान बना सरकारी खजाने को 49.42 करोड़ का नुकसान पहुंचाने के मामले में ईडी ने रविवार देर रात और सोमवार तड़के इंदौर, भोपाल, मंदसौर में शराब कारोबारियों व आबकारी अफसरों के 18 ठिकानों पर छापा मारा। सबसे ज्यादा इंदौर में 11 ठिकानों पर कार्रवाई की। भोपाल में एक शराब ठेकेदार के ठिकाने पर दबिश दी। इसमें काफी दस्तावेज मिले हैं। हालाकि ईडी ने कोई बयान जारी नहीं किया है। 2015-16 से 2017-18 तक सरकारी गोदाम से शराब लेने के लिए इस्तेमाल किए 194 बैंक चालान में गड़बड़ी मिली थी। हजारों के बैंक चालान को लाखों का बना गोदामों से शराब उठाई।

मंदसौर में शराब कारोबारी अनिल त्रिवेदी के छोटे भाई बंटी त्रिवेदी के घर सुबह 5 बजे ईडी ने दबिश दी। बाहर सीआरपीएफ के जवान तैनात किए और घंटों तलाशी ली। अनिल त्रिवेदी की मौत के बाद बेटा अंश त्रिवेदी शराब कारोबार संभाल रहा है।

छोटी राशि का बनाते थे चालान-

जांच में खुलासा हुआ है कि ठेकेदार छोटी राशि चालान के लिए बनाते थे और बैंक में जमा कर देते थे। चालान के प्रारूप में ‘रुपए अंकों में’ और ‘रुपए शब्दों में’ लिखते थे। ठेकेदार अंकों में राशि भरते थे, पर ‘रुपए शब्दों में’
बाद खाली जगह छोड़ देते थे। राशि जमा करने के बाद खाली जगह में हजारों-लाखों की बढ़ी राशि लिख देते थे। फिर इस बढ़ी राशि वाले चालान की प्रतियां शराब गोदाम या जिला आबकारी कार्यालय में जमा करते थे।

बढ़ सकता है जांच का दायरा-

फर्जी बैंक गारंटी के आधार पर में में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ने भी 7 से ज्यादा लोगों पर नामजद केस दर्ज किया था। इसमें 15.32 करोड़ की 14 फर्जी बैंक गारंटी जारी की गई। इनमें से 9 बैंक गारंटी शराब ठेकेदारों को दी। इसी का इस्तेमाल उन्होंने रीवा, सिंगरौली, उमरिया, सतना जिलों में शराब ठेकों के लाइसेंस लेने में किया। इस आधार पर ईडी की कार्रवाई अन्य जिलों तक पहुंच सकती है।

इंदौर में 11 जगह छापेमारी:

ईडी टीम ने सुबह से शाम तक इंदौर में तुलसी नगर, बसंत विहार, हवा बंगला चौराहा, महालक्ष्मीनगर आदि 11 ठिकानों तक पहुंची। देवगुराड़िया की शराब दुकान से जुड़े ठेकेदार राहुल चौकसे के तुलसी नगर, बसंत विहार कॉलोनी स्थित ठिकानों पर जांच की। देवगुराड़िया दुकान की फर्जी रसीदों से घोटाला हुआ था। राकेश जायसवाल व अन्य के ठिकानों पर भी दस्तावेज खंगाले गए।

टिप्पणियां (0)