*अवैध स्लॉटरिंग का खुलासा: बैरसिया से ले जाए जा रहे 15 मवेशी पकड़े*
संवाददाता
1 February 2026
अपडेटेड: 12:05 PM 0stGMT+0530
बैरसिया क्षेत्र से भोपाल की ओर अवैध रूप से मवेशियों को ले जाने का मामला सामने आया है। देर रात एक कंटेनर में भरकर ले जाए जा रहे कुल 15 मवेशियों को पकड़ लिया गया। इस कार्रवाई में हिंदू संगठनों के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए मवेशियों को पुलिस के हवाले किया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया। जांच में पाया गया कि वाहन में कुल 16 मवेशी थे, जिनमें 13 भैंस और 3 पाड़े शामिल थे। पुलिस ने वाहन मालिक, चालक और हेल्पर को थाने ले जाकर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पूछताछ के दौरान मवेशियों के मालिक ने बताया कि वह बैरसिया से मवेशी लेकर भोपाल आया था और उन्हें काटने के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। वाहन चालक और हेल्पर ने भी मवेशियों को बैरसिया बाजार से खरीदे जाने की बात कही। हालांकि, पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई ठोस कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इससे पहले भी यही आरोपी इसी तरह के मामलों में पकड़े जा चुके हैं। पूर्व में भी बैरसिया पुलिस ने अवैध स्लॉटरिंग से जुड़े एक प्रकरण में इन आरोपियों को हिरासत में लिया था, लेकिन वैध दस्तावेज न होने के कारण उनके खिलाफ कार्रवाई की गई थी।
इस घटना के बाद भोपाल नगर निगम ने संबंधित स्लॉटर हाउस को सील कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि अवैध स्लॉटरिंग पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।