एक्साइज ड्यूटी घटने से फिर लगी पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़:
संवाददाता
28 March 2026
अपडेटेड: 5:02 PM 0thGMT+0530
28 मार्च 2026 :
मध्य प्रदेश/ भोपाल/
सरकार ने डीजल पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी घटाई:
देश में रसोई गैस पेट्रोल और डीजल को लेकर अजीबोगरीब स्थिति बनी हुई है। एक तरफ प्रशासन लगातार यह दावा कर रहा है कि शहर में किसी भी तरह की कोई कमी नहीं है, फिर भी खाली गैस सिलेंडर से लंबी-लंबी कतारे देखने को मिल रही है । व़हीं पेट्रोल पंप पर भी ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है।
डीजल पेट्रोल पर अतिरिक्त उत्पाद शुल्क यानी एक्साइज ड्यूटी घटाने की खबर के बाद कल शुक्रवार को पेट्रोल पंप पर लोगों की लंबी लाइन लग गई लेकिन उन्हें पुराने भाव पर ही पेट्रोल डीजल मिला।
पेट्रोल पंप के संचालक नकुल शर्मा का कहना है कि एक्साइज ड्यूटी घटने से पेट्रोल डीजल की कीमतें कम नहीं हुई है ,बल्कि इससे कंपनियों के घाटे की कुछ भरपाई होगी।
मध्य प्रदेश पेट्रोल पंप ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि यह स्थिति किसी वास्तविक कमी के कारण नहीं बल्कि अफवाहों के कारण बनी है।
पिछले कुछ दिनों में ईंधन की खपत में करीब 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि प्रशासन ने दावा किया है कि भोपाल में संचालित 192 पेट्रोल पंप पर नियमित रूप से पेट्रोल की सप्लाई हो रही है।
भोपाल के कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह का कहना है कि जिले में किसी भी तरह की ईंधन की कमी नहीं है लोगों से अपील की जाती है कि वह अफवाहों पर ध्यान ना दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन और गैस का उपयोग करें।
वहीं जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन का कहना है की शहर में किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। भोपाल में संचालित 192 पेट्रोल पंप पर नियमित रूप से सप्लाई हो रही है। खाद्य विभाग की टीम में लगातार मॉनीटरिंग कर रही हैं जहां भी कमी की सूचना मिलती है वहां तुरंत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
गैस एजेंसी पर भी लगी लोगों की कतार:
रसोई गैस को लेकर भी लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। जिस तरह पेट्रोल पंप पर लोगों की भीड़ नजर आ रही है ,उसी तरह गैस एजेंसी में भी लोग खाली सिलेंडर लेकर लंबी लाइनों में नजर आ रहे हैं। ऐसे हालात सोशल मीडिया पर हर समय चलने वाली अलग-अलग सूचनाओं की वजह बन रहे हैं। प्रशासन का दावा है कि सोशल मीडिया की अफवाह से लोग पैनिक हो रहे हैं । जिससे कई इलाकों में लोग सुबह 5 से 6 बजे ही गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पर पहुंच रहे हैं।घंटों इंतजार करना पड़ रहा है और इसी संकट को देखते हुए सिलेंडर की मांग भी बढ़ गई है।
प्रशासन का दावा है कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य हो गई है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे उलट है। हनुमानगंज थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन से नागदा बस स्टैंड जाने वाले सड़क पर कल सुबह 6:00 बजे से ही सिलेंडर लेने के लिए लोग पहुंच गए। घंटों इंतजार करने के बाद भी कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा। लाइन में लगे छोला मंदिर निवासी मंजीत जगताप का कहना है कि सुबह से ही काम छोड़कर सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे हैं।
वही एक बिजनेसमैन जो एक रेस्टोरेंट का संचालन करते हैं ,उन्होंने बताया कि वह तीन-चार दिनों से सिलेंडर के लिए परेशान हो रहे हैं, यदि यही स्थिति रही तो रेस्टोरेंट बंद करना पड़ सकता है।
गैस एजेंसी संचालकों की वजह से हो रही कालाबाजारी:
शहर में कुछ गैस एजेंसी वाले कॉलोनी में सिलेंडरों से भरा ट्रक खड़ा कर देते हैं इसे 400 से 500 सिलेंडर एक ही स्थान से सप्लाई हो जाते हैं। इससे सिलेंडर की डिलीवरी का खर्च बच जाता है। ऐसे वितरण से कालाबाजारी से बल मिल रहा है। जबकि गैस की बुकिंग करके सिलेंडर को घरों तक पहुंचाने के नियम बनाए गए।