कुत्तों के हमले में 21 माह की बच्ची की हालत गंभीर:
संवाददाता
8 February 2026
अपडेटेड: 2:14 PM 0thGMT+0530
शहर में स्ट्रीट डॉग्स का आतंक फिर सामने आया। गुरुवार शाम रामपुरिया बालाजी मंदिर के पीछे खेल खेल रही 21 माह की भव्या पुत्री सूरज कुशवाह पर तीन आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया।
कुत्ते बच्ची को खींचकर खेत में ले गए और चेहरे, सिर व आंख के आसपास गंभीर रूप से घायल कर दिया। चीख सुनकर लोगों ने बच्ची को छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर शाजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घटना के बाद नागरिकों ने प्रभारी सीएमओ हरिओम शर्मा से शिकायत की। सीएमओ ने बताया कि स्ट्रीट डॉग्स को पकड़ने के लिए सफाई दरोगा को निर्देश दिए गए हैं और जल्द अभियान चलाया जाएगा।
रहवासियों का आरोप है कि पहले भी हमले हुए, लेकिन नगर परिषद ने ठोस कदम नहीं उठाए, जिससे लोगों में भय का माहौल है।
जिले में बढ़ती हुई कुत्तों की समस्या, नसबंदी से नियंत्रण की कोशिश:
स्ट्रीट डॉग्स की समस्या पूरे राजगढ़ जिले में बढ़ रही है। पालिका पहले इन्हें पकड़कर दूर छोड़ती थी, लेकिन संख्या फिर बढ़ गई। अब नियंत्रण के लिए नसबंदी अभियान शुरू किया गया है। अब तक 45 मेल स्ट्रीट डोंग की नसबंदी हो चुकी है। जिला अस्पताल के अनुसार एक साल में 1200 से ज्यादा लोग डॉग बाइट के बाद इलाज कराने पहुंचे हैं।