गड़बड़ी करने वाले छात्रों को परीक्षा से किया जा सकता है वंचित, बीयू की चेतावनी
संवाददाता
6 February 2026
अपडेटेड: 3:40 PM 0thGMT+0530
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (बीयू) ने परीक्षा आवेदन प्रक्रिया को लेकर छात्रों के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने साफ किया है कि यदि किसी छात्र द्वारा परीक्षा फॉर्म भरने में गड़बड़ी की गई या नियमों का उल्लंघन किया गया, तो उसे परीक्षा में शामिल होने का मौका नहीं मिलेगा।
विश्वविद्यालय से जुड़े कॉलेजों में इन दिनों परीक्षा आवेदन पत्र जमा करने की प्रक्रिया चल रही है। इसी दौरान बीयू ने सभी छात्रों को समय पर सही जानकारी के साथ आवेदन भरने की सलाह दी है।
विश्वविद्यालय अधिकारियों के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित छात्र का फॉर्म निरस्त किया जा सकता है।
प्रशासन ने बताया कि छात्रों को आवेदन में हुई त्रुटियों को सुधारने के लिए 7 दिन का समय दिया गया है। तय समय सीमा के बाद सुधार नहीं होने पर आवेदन मान्य नहीं माना जाएगा।
विश्वविद्यालय ने कॉलेज प्रशासन और परीक्षा शाखा को निर्देश दिए हैं कि वे आवेदन प्रक्रिया की जांच सावधानीपूर्वक करें ताकि परीक्षा व्यवस्था में कोई बाधा न आए।
बीयू का कहना है कि यह कदम परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और अनुशासित बनाए रखने के लिए उठाया गया है l