गर्मी में भी रहेगा मोगरा फूलों से लदा:अपनाएं ये ट्रिक: गर्मी में मोगरा के पौधे की कैसे करें देखभाल:

khabar pradhan

संवाददाता

5 April 2026

अपडेटेड: 10:59 PM 0thGMT+0530

गर्मी में भी रहेगा मोगरा फूलों से लदा:अपनाएं ये ट्रिक: गर्मी में मोगरा के पौधे की कैसे करें देखभाल:


5 अप्रैल 2026:

गर्मी में पाए फूलों से भरा हुआ मोगरा:
मोगरे के फूल की खुशबू घर के माहौल में एक ताजगी भर देती है। यदि आपने भी अपने घर में मोगरा का पौधा लगाया है, तो आप जानते हैं कि गर्मी के दिनों में मोगरे में ज्यादा फुल पाने के लिए अधिक देखभाल की जरूरत होती है।
मोगरा एक ऐसा पौधा होता है जिसे रोजाना 5 से 6 घंटे धूप की जरूरत होती है । किंतु गर्मी के दिनों में अप्रैल- मई की तेज धूप पौधे को झुलसा देती है। जिसकी वजह से पौधे को अधिक देखभाल की जरूरत होती है।
मोगरा के पौधे को नियमित पानी के साथ-साथ सही पोषण और नियमित खाद की जरूरत होती है।
कई लोगों को यह शिकायत होती है की पौधा हरा भरा होने के बावजूद उस पर फूल की कमी होती है।  जिसकी मुख्य वजह है सही पोषण और देखभाल की कमी।

मोगरा एक धूप पसंद करने वाला पौधा है:
मोगरा एक धूप पसंद करने वाला पौधा होता है ,जिसे कम से कम 5 से 6 घंटे की धूप की जरूरत होती है।  गर्मी के दिनों में सुबह की हल्की धूप पौधे के लिए बहुत अच्छी मानी जाती है। दोपहर की तीखी तेज धूप पौधे को झुलसा सकती है इस धूप से पौधे को बचाना जरूरी है। इसलिए पौधे को ऐसी जगह रखें, जहां सुबह की या शाम की धूप आए। सही रोशनी मिले, जिससे पौधे की ग्रोथ अच्छी होती है। और इसमें फूलों की संख्या भी अधिक आती है।


नियमित पानी की देखभाल:
यदि पौधे को गमले में लगाया है तो मिट्टी ऐसी होना चाहिए जिसमें पानी रुके नहीं। मोगरे के पौधे को नमी पसंद है अधिक पानी इसकी जड़ों को नुकसान पहुंचा सकती हैं । इसलिए गमले की मिट्टी की ऊपरी परत सूखने पर ही इसमें पानी देना चाहिए।  गर्मियों में पानी की जरूरत ज्यादा हो जाती है ,इसलिए हमेशा मिट्टी को छूकर ही पानी की मात्रा तय करें।  गमले में पानी जमा नहीं होना चाहिए जिससे जड़े सड़ने लगती हैं। संतुलित पानी से पौधा स्वस्थ रहता है और नई कलियां बनने लगते हैं।
फूल खिलने के बाद पिचिंग अवश्य करें:

इसके अलावा नई शाखाओं पर जब फूल आते हैं, जैसे ही फूल सूख जाए उसे तोड़कर अलग कर देना चाहिए।  यानी उस हिस्से को हल्के से पिचिंग कर देना चाहिए । जिससे वहां से नई शाखाएं निकलने लगते हैं, जितनी ज्यादा शाखाएं निकलेंगी ,उतने ही ज्यादा फुल आएंगे।
सूखे हुए फूलों को पौधे पर छोड़ देने से पौधा अपनी एनर्जी उस पर लगा देता है ,जिससे नई कलियां बनने में समय लगता है।
कीट पतंगों का रखें ध्यान:
इसके अलावा मोगरे के पौधे पर अक्सर सफेद कीड़े या कीट या जाले जैसे लग जाते हैं, जिससे पौधा कमजोर होने लगता है।
इन कीड़ों को दूर करने के लिए एक स्प्रे बाॅटल में पानी में नीम का तेल मिलाकर पौधे में छिड़काव करना चाहिए।  यह प्राकृतिक कीटनाशक है, जिससे पत्तियां सुरक्षित रहती हैं और पौधा स्वस्थ बनता है।

नियमित खाद भी है जरूरी:
पौधे में अधिक फूल लाने के लिए खाद की जरूरत होती है। मोगरे के पौधे के लिए सरसों की खली की खाद अच्छी होती है।  क्योंकि इसमें नाइट्रोजन और फास्फोरस मिलता है।  जिससे नई कलियां तेजी से बनती है।
इसके लिए 1 लीटर पानी में करीब 100 ग्राम सरसों की खली को 5 दिनों तक भिगों कर किसी छायादार जगह पर रख देना चाहिए। इसके बाद इस तैयार घोल को पानी में मिलाकर पौधे में देना चाहिए।
इस घोल में करीब 5 ग्राम यदि चूना मिला दें तो यह खाद अधिक असरदार बन जाती है। चूना में कैल्शियम अधिक होता है ,इससे पौधे को कैल्शियम की मात्रा मिल जाती है।  जिससे पौधे में अच्छी ग्रोथ होती है और अधिक मात्रा में फूल मिलते हैं।
इस खाद को 15 से 20 दिन के अंतराल में पौधे में डालना चाहिए साथ ही पानी धूप और पिंचिंग का ध्यान रखना चाहिए।
इस नियमित देखभाल से पौधा स्वस्थ बनता है और लंबे समय तक फूल देता है और आपके बगीचे की खूबसूरती बढ़ाता है। मोगरे के फूल  की भींनी-भींनी खुशबू आपके घर को महकाती रहेगी।

टिप्पणियां (0)