
महीने के अंत तक बढ़ेगा पारा
गाजियाबाद में तापमान लगातार बढ़ रहा है।वही पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद अब तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है। मार्च के अंत तक गर्मी अपना तेवर दिखाएगी। इसके साथ ही लोगों को डॉक्टर सतर्क कर रहे हैं। कुछ सतर्कता बरत कर आप भी भीषण गर्मी से बचाव कर सकते हैं।
यूपी के गाजियाबाद में गर्मी ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। बारिश और बादलों के जाने के बाद सूर्य की तपिश तापमान में बढ़ोत्तरी कर रही है। तो वही मार्च के अंत तक तापमान में वृद्धि का अनुमान जताया जा रहा है। मार्च खत्म होते-होते गर्मी के भी पूरे जोर पर पहुंचने का अनुमान जताया जा रहा है। दरअसल, तापमान में बढ़ोत्तरी अब तेजी से हो रही है। दिन के वक्त तापमान 32 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहा। माह के अंत तक अधिकतम 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री पहुंचने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो 25 और 26 मार्च को दिन के वक्त तेज हवाएं चलेंगी। हालांकि इससे तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आएगी। दोपहर के वक्त गर्म हवाओं का प्रकोप भी बढ़ जाएगा। मौसम विभाग की मानें तो मार्च के माह में इस बार तेजी के साथ तापमान बढ़ा है। इस माह में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम रहा है। अगर पश्चिमी विक्षोभ बीच-बीच में सक्रिय हो जाता है तो तापमान कम हो जाता है।
इस बीच स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को हीट वेव से बचने के लिए एडवाइजरी जारी कर दी। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने और गर्मी से बचने की सलाह दी है। दरअसल, पिछले वर्षों में शहर में हीट वेव का असर काफी ज्यादा दिखने लगा है।
अधिक गर्मी में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक सूर्य की सीधी रोशनी में जाने से बचें।
नंगे पैर घर से बाहर न निकलें।
अधिक प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थों के प्रयोग से बचें।
बच्चों और पालतू जानवरों को गाड़ी में न छोड़ें।
शराब, चाय, कॉफी, कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक आदि के इस्तेमाल से बचें।
हर 20 मिनट बाद पानी पीएं, जिससे बॉडी में पानी की कमी न हो।
कर्मचारी सीधे सूरज की रोशनी में काम करने से बचें।
गर्भवती स्त्री, बीमार व्यक्ति अधिक तापमान में काम करने के लिए डॉक्टर से सलाह लें।
स्वास्थ्य विभाग में कामकाजी व्यक्तियों को लू से बचने के लिए विशेष रूप से कहा है।
खांसी, जुकाम, थकान, सिर में दर्द होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं, लापरवाही न करें।