चुनाव से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: बंगाल में मुख्य सचिव और डीजीपी बदले
संवाददाता
17 March 2026
अपडेटेड: 10:42 AM 0thGMT+0530
17 मार्च 2026
नई दिल्ली। पांच राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही निर्वाचन आयोग सक्रिय हो गया है। आयोग ने पश्चिम बंगाल में मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव (गृह), पुलिस महानिदेशक (DGP) और कोलकाता पुलिस कमिश्नर समेत कई शीर्ष अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है और उनकी जगह नए अधिकारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
आयोग ने असम और तमिलनाडु के कई जिलों में भी जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को हटाया है। साथ ही इन राज्यों में नए अधिकारियों की तैनाती के लिए राज्य सरकारों से पैनल मांगा गया है।
पश्चिम बंगाल में नंदिनी चक्रवर्ती की जगह दुर्गंत नारियाल को नया मुख्य सचिव बनाया गया है, जबकि पुलिस महानिदेशक के रूप में सिद्धनाथ गुप्ता को जिम्मेदारी दी गई है। प्रमुख सचिव (गृह) के पद पर sanghmitra घोष की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा डीजी (करैक्शनल सर्विसेज) के पद पर नटराजन रमेश को तैनात किया गया है।
आयोग ने असम के पांच जिलों और तमिलनाडु के चार जिलों में एसपी और एसएसपी स्तर के अधिकारियों को भी हटाया है। संकेत दिए गए हैं कि दोनों राज्यों के अन्य जिलों में भी जिला निर्वाचन अधिकारियों में बदलाव किया जा सकता है।
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन अधिकारियों को हटाया गया है, उन्हें चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक चुनाव से जुड़े कार्यों से दूर रखा जाएगा। आयोग ने बताया कि बंगाल में चुनाव तैयारियों की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया है और इसे तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।