जयपुर की रानी गायत्री पर बनेगी सीरीज

khabar pradhan

संवाददाता

25 February 2025

अपडेटेड: 12:04 PM 0thGMT+0530

जयपुर की रानी गायत्री पर बनेगी सीरीज

भव्यता और संघर्ष का प्रतीक बनेगी, गायत्री देवी की ये सीरीज

बॉलीवुड में बायोपिक फिल्मों और वेब सीरीज का दौर तेजी से बढ़ रहा है। अब एक और भव्य प्रोजेक्ट ऑडियंस के सामने आने वाला है महारानी गायत्री देवी पर बन रही वेब सीरीज। यह भारत की शाही विरासत, बदलाव और एक मजबूत महिला की कहानी को दर्शाने वाली सीरीज होगी।

सीरीज के प्रोड्यूसर प्रांजल खंधाडिया ने इस रॉयल वेब सीरीज के बारे में बताते हुए कहा कि कैसे महारानी गायत्री देवी की कहानी को पर्दे पर लाने का विचार उनके मन में आया।

प्रांजल खंधाडिया ने बताया कि इतिहास के प्रति उनकी हमेशा से गहरी रुचि रही है, खासकर भारत के आधुनिक इतिहास में। उन्होंने कहा, ‘भारत एक उपनिवेश रहा है, जिस पर पहले विदेशियों का राज था, अपने फैसले खुद नहीं ले सकता था। इसका इतिहास ज्यादातर ब्रिटिश नजरिए से लिखा गया है। पढ़े-लिखे लोग अंग्रेजी में लिखते थे और वही बातें किताबों का हिस्सा बनीं। इसका नतीजा यह हुआ कि भारतीय राजाओं को एक खास छवि में दिखाया गया कि वे ब्रिटिश के करीब थे, केवल ऐशो-आराम में थे, जनता के लिए कुछ नहीं किया। लेकिन हकीकत इससे अलग थी। कोई यूं ही राजा या रानी नहीं बन जाता, जनता का प्यार ऐसे ही नहीं मिलता।’

महारानी गायत्री के किरदार की दी झलक:
उन्होंने कहा कि ‘महारानी गायत्री देवी सिर्फ अपने रॉयल स्टेटस के लिए नहीं, बल्कि अपनी सोच, आत्मविश्वास और फैसलों के लिए जानी जाती थीं। यह केवल एक शाही परिवार की कहानी नहीं है, बल्कि एक ऐसी महिला की दास्तां है, जिसने हिम्मत और बदलाव की मिसाल कायम की।’
चार साल की रिसर्च, दो सीजन में पेश होगी कहानी

चार साल की रिसर्च के बाद किया, सीरीज बनाने का फैसला:

प्रांजल ने बताया कि इस प्रोजेक्ट पर चार साल से गहरी रिसर्च की जा रही है। जयपुर की रॉयल फैमिली ने इस वेब सीरीज के लिए हरी झंडी दे दी है और हर ऐतिहासिक पहलू को गहराई से खंगाला गया है। हमने दो सीजन की योजना बनाई है, हर सीजन में 8-8 एपिसोड होंगे। यह एक बेहद भव्य और बड़े स्तर का शो होगा, जैसा भारत में पहले कभी नहीं बना।’

कौन होगा सीरीज का मुख्य किरदार:
इस सवाल पर प्रांजल ने स्पष्ट किया कि फिलहाल पूरी टीम स्क्रिप्ट पर फोकस कर रही है। उ भवानी, जो एक शानदार लेखक हैं, इस शो का स्क्रीनप्ले और डायलॉग्स लिख रही हैं। जब स्क्रिप्ट पूरी हो जाएगी, तब हम कास्टिंग की घोषणा करेंगे।

चूंकि यह वेब सीरीज महारानी गायत्री देवी के यंग एज से लेकर उनके 70 साल की उम्र तक की कहानी दिखाएगी, इसलिए इसमें कई कास्टिंग की जरूरत पड़ेगी। एक चेहरा तो बेशक होगा, जो लीड एक्ट्रेस का होगा, लेकिन उसके आगे-पीछे भी बहुत कुछ होगा। हम अभी इस पर विचार कर रहे हैं कि क्या हम कंप्यूटर टेक्नोलॉजी से एजिंग इफेक्ट्स डालें या फिर अलग-अलग उम्र के लिए अलग-अलग अभिनेत्रियों को कास्ट करें।

बाकी सीरीज से भव्य होगी ये सीरीज:
प्रांजल खंधाडिया का दावा है कि यह भारत का अब तक का सबसे भव्य रॉयल शो होगा। उन्होंने कहा, ‘इसमें सिर्फ जयपुर ही नहीं, बल्कि कूच बिहार और बड़ौदा की भी कहानियां शामिल होंगी, क्योंकि महारानी गायत्री देवी का पारिवारिक वंश या पूर्वजों की जड़ें बड़ौदा से जुड़ी हुई थीं। शो में लंदन और व्हाइट हाउस की भी झलक देखने को मिलेगी। उनकी दोस्ती क्वीन एलिजाबेथ से थी और उन्हें व्हाइट हाउस में भी बुलाया गया था। उनके पति मान सिंह स्पेन के एंबेसडर थे। इतने बड़े स्तर के शो के लिए राजस्थान के किलों से लेकर लंदन तक कई लोकेशन्स पर शूटिंग करनी होगी।’

बायोपिक बनाना बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है। मैंने अब तक पांच बायोपिक्स पर काम किया है और समझा है कि व्हाइट वॉशिंग और फैक्ट्स की प्रेजेंटेशन में बारीक अंतर होता है। इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करना गलत है, लेकिन उसे रोचक बनाना भी जरूरी है।

टिप्पणियां (0)