नकली डेयरी उत्पाद मामले में बड़ी कार्रवाई: गायत्री फूड्स के संचालक किशन मोदी गिरफ्तार
संवाददाता
17 March 2026
अपडेटेड: 11:04 AM 0thGMT+0530
17 मार्च 2026
भोपाल। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सीहोर स्थित गायत्री फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के संचालक किशन मोदी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें सोमवार को पीएमएलए की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से पूछताछ के लिए हिरासत में भेज दिया गया।
ईडी की कार्रवाई फर्जी लैब रिपोर्ट के आधार पर डेयरी उत्पादों के निर्यात और करोड़ों की कमाई के आरोपों को लेकर की गई है। जांच में सामने आया है कि कंपनी ने करीब 20 करोड़ 59 लाख रुपये का कारोबार किया, जिसमें मनी लॉन्ड्रिंग के तहत कार्रवाई की गई।
इस मामले में अगस्त 2023 में भोपाल के हबीबगंज थाने में और जुलाई 2024 में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ में एफआईआर दर्ज होने के बाद ईडी ने जांच शुरू की थी। बताया जा रहा है कि विभिन्न एजेंसियों की कार्रवाई के बाद कंपनी पिछले लगभग दो वर्षों से बंद पड़ी है।
जांच में यह भी सामने आया कि गायत्री फूड प्रोडक्ट्स ‘मिल्क मैजिक’ ब्रांड नाम से डेयरी उत्पादों की सप्लाई करती थी। आरोप है कि कंपनी दूध में मिल्क फैट की जगह पाम ऑयल और अन्य हानिकारक रसायनों का इस्तेमाल करती थी।
इन उत्पादों को न केवल घरेलू बाजार में बेचा जाता था, बल्कि कई देशों में निर्यात भी किया गया। निर्यात के लिए इंदौर की एक प्रसिद्ध लैब की फर्जी रिपोर्ट का उपयोग किए जाने का भी खुलासा हुआ है।