पुलिस ने गुजरात की एक कार से एक करोड़ कैश पकड़ा:20 लाख लेकर छोड़ा आरोपियों को:
संवाददाता
22 March 2026
अपडेटेड: 8:55 PM 0ndGMT+0530
22 मार्च 2026:
गुना/ग्वालियर
पुलिस की जांच के बाद चार पुलिस कर्मी सस्पेंड:
गुना के धरनावदा थाने में एक ऐसा बड़ा मामला सामने आया है। जिसमें पुलिस कर्मियों ने एक करोड़ कैश के बदले 20 लाख लेकर आरोपियों को छोड़ दिया। आरोप है कि पुलिस ने गुजरात पासिंग की एक स्कॉर्पियो से 1 करोड़ रुपए कैश पकड़ा, लेकिन 20 लाख रुपए लेकर गाड़ी छोड़ दी। मामला सामने आते ही आधी रात को डीआईजी अमित सांघी गुना पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई।
चार पुलिसकर्मी हुए निलंबित:
आईजी अरविंद सक्सेना के निर्देश पर धरनावदा थाना प्रभारी प्रभात कटारे समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। घटना 19 मार्च की रूठियाई चौकी क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां चेकिंग के दौरान स्कॉर्पियो को रोका गया था। सूत्रों के मुताबिक, गाड़ी में भारी नकदी मिलने के बाद कार्रवाई के बजाय 20 लाख रुपए में डील की गई। बिना किसी कागजी प्रक्रिया या आयकर विभाग को सूचना दिए वाहन को छोड़ दिया गया। ये मामला तब संज्ञान में आया जब लेन-देन की चर्चा सोशल मीडिया पर वायरल हुई। बताया जा रहा है कि संबंधित व्यापारी गुजरात कैडर के एक वरिष्ठ आईपीएस का परिचित है। जब वहां से फोन आया तो गुना पुलिस के हाथ-पांव फूल गए । इसके बाद घूस में ली गई रकम वापस कर दी गई। हालांकि, अब तक पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। न कोई लिखित शिकायत सामने आई है।
जांच के बाद थाना प्रभारी प्रभात कटारे सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं देर शाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर एसपी अंकित सोनी को भी हटा दिया गया है। अंकित सोनी के स्थान पर हितिका बंसल को गुना का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक शिथिलता, लापरवाही अथवा अनियमितता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।सभी की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी और दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी।
सिवनी मेंभी ऐसा ही केस आया था सामने:
अक्टूबर 2025 में सिवनी जिले में पुलिस ने एक कार से करीब 3 करोड़ रुपए कैश पकड़ा था, लेकिन रिकॉर्ड में सिर्फ 1.45 करोड़ ही दिखाया गया। बाकी रकम हड़पने के आरोप लगाये गए। मामले में तत्कालीन एसडीओपी पूजा पांडे समेत 10 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया, एफआईआर दर्ज हुई, कई गिरफ्तारियां हुई।