*बम की सूचना से मचा हड़कंप, इंडिगो विमान की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग*
संवाददाता
19 January 2026
अपडेटेड: 1:47 PM 0thGMT+0530
नई दिल्ली से पश्चिम बंगाल के बागडोगरा जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक उड़ान में बम होने की सूचना मिलने से रविवार सुबह हड़कंप मच गया। सुरक्षा कारणों के चलते विमान को लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुबह करीब 9:15 बजे आपातकालीन रूप से उतारा गया।
सूचना मिलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने तत्काल संबंधित एजेंसियों को अलर्ट किया। इसके बाद विमान को एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में पार्क कराया गया। सभी यात्रियों को पूरी सुरक्षा के साथ विमान से उतारकर टर्मिनल तक पहुंचाया गया, जहां उनकी और उनके सामान की गहन जांच की गई।
बताया गया कि उड़ान के दौरान बम की धमकी मिलने पर विमान का रूट बदला गया और उसे लखनऊ डायवर्ट किया गया। अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि सुरक्षा बलों और एयरपोर्ट प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित रखा।
एयरपोर्ट पर बम निरोधक दस्ते, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों द्वारा करीब सात घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई।
जांच पूरी होने और विमान को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद दोपहर लगभग 3:10 बजे इंडिगो की यह उड़ान अपने गंतव्य की ओर रवाना हुई। सरोजिनी नगर थाना पुलिस को एयर ट्रैफिक कंट्रोल के माध्यम से इस धमकी की सूचना दी गई थी, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई थी।
फिलहाल मामले की जांच की जा रही है कि बम की सूचना किस माध्यम से और किसने दी।